अंबाला/ नई दिल्ली। भाजपा पहली बार अपने बूते पर हरियाणा में सरकार बनाने की जुगत में है लेकिन केंद्र और पंजाब में उसकी सहयोगी पार्टी अकाली दल अलग ही रंग में। पंजाब के उप-मुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने शनिवार को दिल्ली में कहा कि हरियाणा में सिर्फ इनेलो-अकाली की सरकार बनेगी। दिलचस्प है कि इस बयान के ठीक बाद बादल भाजपा नेता व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मिलने भी पहुंच गए। बादल के इस रवैये से साफ है कि अकाली दल हरियाणा में भाजपा के खिलाफ चुनाव प्रचार करेगा।
हालांकि उन्होंने भाजपा पर कोई सीधी टिप्पणी नहीं की लेकिन कहा कि हरियाणा के लोग इंडियन नेशनल लोक दल व अकाली दल की सरकार बनाने के लिए तैयार हैं। ऐसा करके लोग नई शुरुवात करेंगे। उन्होंने इनेलो और अकाली दल के गठबंधन को पंजाब और हरियाणा के लोगों का सांझा का आधार बताया। बादल ने ये बातें दिल्ली में सगत दर्शन के दौरान कहीं। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोला। कहा- कांग्रेस हमेशा से पंजाब व हरियाणा के किसानों को बांटने की राजनीति करती आई है। दोनों राज्यों के किसानों को पानी बंटवारे के नाम पर लड़ाया और बांटा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरियाणा में इनेलो-अकाली सरकार बनने के बाद सिंचाई के पानी के विवाद को भी सही तरीके से निपटाया जा सकेगा।