पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंहिसार. सेंट्रल जेल अपराधियों की ऐशगाह बन गई है। यहां बंद अपराधी फोन के जरिए लोगों से चौथ ही नहीं मांग रहे, बल्कि लोगों को धमकियां भी दे रहे हैं। सदलपुर गांव के निवासी राधेश्याम की बेटी को भी जेल में बंद कुछ अपराधियों ने धमकी दी है। सिविल लाइन पुलिस ने राधेश्याम की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
राधेश्याम ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा कि कुछ लोग उसकी बेटी को फोन पर धमकी दे रहे हैं। ये अलग-अलग फोन नंबर से कॉल करके परेशान कर रहे हैं। फोन पर धमकी देने वाले अश्लील भाषा का प्रयोग करते हैं। वे खुद को सिरढ़ान के रमेश और मनोज बता रहे हैं जो सेंट्रल जेल में बंद हैं। इनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज है।
जैमर नहीं कर रहा काम
जेल में सुरक्षा की दृष्टि से लगा जैमर काम नहीं कर रहा है। बताया जा रहा है कि अरसे से यह बेकार पड़ा है। यही वजह है कि जेल में मोबाइल धड़ल्ले से प्रयोग हो रहे हैं।
जेल में चल रही थी शराब की भट्ठी
जेल में अधिकारियों की लापरवाही का यह हाल है कि यहां शराब की भट्ठी भी पकड़ी जा चुका है। जेल में बंद कैदी इसे चलाते थे। इस धंधे का भांडा फूटा तो कुछ कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज कर इतिश्री कर ली गई।
चार फोन और मिले
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जेल से धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सदलपुर के राधेश्याम की शिकायत पर सिरढ़ान के रमेश और मनोज के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की पड़ताल की जा रही है। वहीं जेल से लड़की को धमकी देने के अलावा कैदियों से चार मोबाइल और बरामद हुए हैं। जेल अधीक्षक ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.