हिसार. शहर के अलग अलग हिस्सों में चोरी की 7 वारदात हुईं। इनमें से चार बुधवार देर रात और एक गुरुवार दोपहर को। चोर पटेल नगर में दिनदहाड़े एक मकान से नकदी चुरा कर कर ले गए। बुधवार रात चोरों ने चार दुकानों के ताले चटकाए। सिविल लाइन थाना के एरिया में 28 जनवरी और सदर थाने में 13 जनवरी को हुई चोरी की रपट दर्ज हुई हैं। पीड़ितों ने इन मामलों की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने इन पर कार्रवाई करते हुए केस दर्जकर लिया है। हालांकि किसी भी मामले में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला।
टैक्स दुनिया भर के, सिक्योरिटी है नहीं
सरकार हमसे टैक्स तो दुनिया भर के ले रही है। सिक्योरिटी किसी बात की नहीं है। आए दिन नए नए टैक्स थोपे जा रहे हैं। इसके बावजूद बढ़ी चोरियों या सुरक्षा के मामले में कुछ नहीं हो रहा है। खुद संभाल कर लें तो ठीक, नहीं तो कोई कभी भी किसी की दुकान में घुस जाए। यह कहना है कि कृष्णा नगर निवासी विनोद शर्मा का। चोर बुधवार देर रात ग्रीन स्क्वेयर मार्केट स्थित उनकी ग्लोबल इंफोसिस कम्प्यूटर की दुकान से करीब दो लाख रुपये सामान चुरा ले गए।
पूरे एक साल बाद फिर दुकान में चोरी
व्यापारी विनोद शर्मा ने बताया कि पिछले साल भी आज ही के दिन इस कॉम्प्लेक्स में चोरी हुई थी। उस समय मेरी दुकान के ऊपर वाली दुकान से चोर सीपीयू समेत लाखों का सामान चुरा कर ले गए थे। इस बार भी चोर सीपीयू चुरा कर ले गए। इसमें मेरा जरूरी डेटा था। इसके अलावा आठ सीपीयू प्रोसेसर और एसी भी चुराया है। चोर दुकान का एसी हटाकर यहीं से अंदर आए और सामान चुरा कर ले गए। यहां पुलिस की पीसीआर भी होती है। इसके बावजूद चोरी हो गई। अब खुद कितनी और कैसे सुरक्षा करें। कोई सुनने वाला भी तो नहीं है। पिछले साल हुई चोरी के मामले में पुलिस ने अब तक कुछ नहीं किया है।
दुकान से पर्दे तक ले गए चोर
पीएलए की बूथ मार्केट स्थित नरेश प्रॉपर्टी डीलर की दुकान से चोर हजारों रुपये का फर्नीचर चुरा ले गए। चोरों ने दुकान के पर्दे तक नहीं छोड़े। जवाहर नगर निवासी नरेश कुमार ने बताया कि चोर दुकान के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए। वे यहां एक मेज छोड़ गए। भारी होने के कारण वे उसे नहीं ले गए। यहीं चाय की कैंटीन चलाने वाले हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी अनिल शर्मा ने बताया कि चोर उसकी दुकान का ताला तोड़ कर गैस सिलेंडर, मिक्सर ग्राइंडर व अन्य सामान चुरा ले गए। बालाजी इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक सतीश कुमार ने बताया कि चोरों ने रात करीब एक बजे दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया। ताला नहीं टूटने के चलते नुकसान नहीं हुआ। एक साल पहले भी दुकान में चोरी हुई थी। कोई बरामदगी नहीं हुई।
भाई की शादी के लिए रखे थे रुपये
पटेल नगर निवासी अर्चना ने बताया कि 16 फरवरी को उसे अपने चचेरे भाई की शादी में पंजाब जाना है। इसके लिए कई दिनों से रुपये इकट्ठे कर रही थी। बड़ी मुश्किल से दस हजार रुपये जुटाए थे। गुरुवार दोपहर एक बजे चोर नकदी ले गए। सोने की दो अंगूठियां भी ले गए। उस वक्त घर पर कोई नहीं था। पति अश्विनी ऑटो चलाते हैं। वे ऑटो लेकर गए थे। मैं और बच्चे स्कूल गए थे। दोपहर एक बजे बेटी लंच के लिए घर आई तो वहां कुछ लोग भागते दिखाई दिए। घर का सामान बिखरा पड़ा था।
घर के ताले तोड़ लाखों की नकदी जेवर चोरी
सेक्टर 15 ए से चोर घर के ताले तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और जेवर चुरा ले गए। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेक्टर 15 ए निवासी गुलशन ने पुलिस को शिकायत में बताया कि 28 जनवरी को दिन के समय चोर घर में घुसे। निजी कंपनी में काम करने वाले गुलशन ने बताया कि मंगलवार को उनकी पत्नी सामान खरीदने गई थी। इस दौरान मकान पर ताला लगाया था। चोर ताला तोड़ कर अंदर गए और अलमारी में रखी 5.50 लाख रुपये की नकदी और सोने के आभूषण ले गए।
मकान से लाखों के जेवर चोरी
कैंट इलाके की हनुमान कॉलोनी में रहने वाली बनवारी लाल ने पुलिस को शिकायत दी है। इसमें उसके मकान से लाखों रुपये के जेवर चुराने की बात कही गई है। शिकायत करने वाले ने कहा कि उसके पड़ोस में ही रहने वाले लड़के पर जेवर चुराने का शक है। वह हमारे घर आता जाता रहता था। एक दिन वह घर पर ही था। उस दौरान मेरा बेटा नहाने चला गया। पीछे से वह बगैर कहे चला गया। बाद में जेवर देखे तो नहीं मिले। उसके परिजनों को भी इस बारे में बताया था। इसके बावजूद उनकी ओर से कोई पहल नहीं की गई। इस कारण केस दर्ज कराना पड़ा।