पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

रेवाड़ी में प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, दो साल पुराना था रिश्ता

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कुंड/नांगलमूंदी। रेवाड़ी-महेन्द्रगढ़ रेल मार्ग पर जैनाबाद रेलवे फाटक के निकट मंगलवार सुबह ट्रेन के सामने कूदकर एक प्रेमी युगल ने आत्महत्या कर ली। युगल के बीच बीते करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ही महेंद्रगढ़ जिले के गांव नांगल सिरोही के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची जीआरपी थाना पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर महेंद्रगढ़ स्थित सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।
ग्रामीणों के अनुसार नांगल सिरोही निवासी 25 वर्षीय राजबीर व उसकी गांव की 21 साल की युवती संजू के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। सोमवार रात करीब 12 बजे युगल एक जीप में सवार होकर घर से भाग निकले। सुबह करीब साढ़े पांच बजे प्रेमी युगल ने रेवाड़ी-महेन्द्रगढ़ रेल मार्ग पर जैनाबाद रेलवे फाटक के नजदीक महेंद्रगढ़ से रेवाड़ी की तरफ आ रही पैसेंजर ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। युगल के शव को देखकर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची जीआरपी थाना पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर युवक के पास से मिले मोबाइल फोन से उसके परिजनों से संपर्क साधा।

मौके पर पहुंचे युवक के परिजनों से पता चला कि मृतक युवक राजबीर शादीशुदा होने के साथ ही दो बच्चों का पिता भी था। वहीं युवती के परिजन सूचना मिलने के बाद भी मौके पर नहीं पहुंचे। पूछताछ के दौरान यह भी जानकारी मिली कि युवक शराब का ठेकेदार था तथा अपने किसी दोस्त की जीप को मांगकर लाया था। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर उन्हें महेंद्रगढ़ के सामान्य अस्पताल में पहुंचाया जहां पर उनका पोस्टमार्टम कराया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे मृतक राजबीर के भाई नरेश ने बताया कि दोनों के बीच करीब साल भर से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात की जानकारी मिलने के बाद युवक व युवती दोनों को परिवार के लोगों ने कई बार समझाया भी था। बीती रात उनके फरार होने के बाद से ही दोनों के परिजन लगातार उनके पीछे लगे हुए थे। प्रेमी राजबीर से उसके भाई नरेश की सुबह 5 बजे मोबाइल पर बात हुई थी। राजबीर ने सुबह आखिरी बातचीत में नरेश को बताया था कि वे जैनाबाद रेलवे फाटक के निकट हैं। वहीं डहीना के एक दूध वाले ने भी सुबह 5 बजे प्रेमी युगल को रेल की पटरियों के पास बैठे हुए देखा था।
प्रेम-प्रसंग को लेकर की आत्महत्या : जांच अधिकारी

जांच अधिकारी एएसआई मदनलाल ने बताया कि पूछताछ के दौरान परिजनों से दोनों के प्रेम प्रसंग के बारे में जानकारी मिली है। मृतकों का पोस्टमार्टम महेंद्रगढ़ के सामान्य अस्पताल में कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। किसी भी पक्ष की तरफ से फिलहाल कोई शिकायत नहीं आई है।
(फोटो- प्रेमी जोड़े की मौत के बाद घटनास्थल पर जांच करते पुलिसकर्मी।)
ऐसी ही एक अन्य खबर पढ़ें अगली स्लाइड में....