हिसार। सिविल अस्पताल में बुधवार रात और गुरुवार सुबह अफरातफरी का माहौल रहा। दरअसल, नर्सिंग हॉस्टल की छात्राओं ने शिकायत की कि उन्होंने काले कपड़े वाले किसी साये को देखा है। इससे घबराकर रात को दो छात्राएं भूत-भूत चिल्लाती हुईं बेहोश हो गईं, उन्हें अस्पताल की एमरजेंसी वार्ड में भर्ती करवाया गया। वहीं सुबह ओपीडी के कमरा नंबर सात में मरीजों की जांच के दौरा सांप के आने से डॉक्टरों और मरीजों में दहशत फैल गई।
बीती रात नर्सिंग छात्राएं हॉस्टल में दो छात्राएं एक कमरे में पढ़ाई कर रही थीं। एक किसी काम से कमरे से बाहर आई तो उसे परिसर में काले कपड़ों में एक साया नजर आया। उसने सहेली को आवाज लगाई। दोनों छात्राओं ने भूत भूत चिल्लाकर शोर मचाया। इस पर हॉस्टल में अफरातफरी मच गई। भय के कारण दोनों छात्राएं बेहोश हो गईं। उन्हें इमरजेंसी में भर्ती कराया जहां एक घंटे बाद होश आया।
सुबह भी दो छात्राएं बेहोश
वहीं हॉस्टल में जैसे जैसे भूत की चर्चा चली तो इससे घबराकर गुरुवार सुबह दो छात्राएं फिर से बेहोश हो गई। इनमें एक छात्रा वही थी जो रात को भी बेहोश हो गई थी। दोनों को इमरजेंसी में भर्ती कराना पड़ा। अब भी छात्राओं में किसी काले साये की चर्चा को लेकर भय बना हुआ है। हॉस्टल की छात्राएं सहमी हुई हैं।
सांप निकला तो दूसरे कमरे में की जांच
वहीं ओपीडी में सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब रूम नंबर 7 में अचानक सांप निकल आया। सांप के निकलते ही कमरे में मरीजों और डॉक्टरों भगदड़ मच गई। सभी घबरा कर कमरे से बाहर आ गए। दिनभर ओपीडी में खाली कुर्सियां पड़ी रहीं। बाद में वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। सुबह करीब 10 बजे सिविल अस्पताल के कमरा नंबर 7 में डॉ. सीबी बंसल और डॉ. जिनेंद्र मरीजों की जांच कर रहे थे। इसी बीच जब डॉ. बंसल एक मरीज की जांच कर रहे थे तो अचानक पीछे की दीवार के हिस्से से सांप निकल आया।
मरीज की नजर सांप पर पड़ गई। इससे वह घबराकर चिल्लाता हुआ कमरे से बाहर निकल आया। इसके बाद डॉक्टरों ने सांप को देखा तो वे भी बाहर आ गए। सांप की दहशत के कारण एक के बाद एक मरीज, डॉक्टर और कर्मचारी कमरे से बाहर आ गए। इसके बाहर जांच के लिए कतार में खड़े मरीजों में भी अफरातफरी मच गई। कमरे के बाहर मरीजों के लिए लगी बेंच खाली हो गई। करीब आधा घंटे बाद कर्मचारियों ने कमरे में देखा तो वहां से सांप चला गया था। कर्मचारियों का कहना है सांप दीवार के एक होल में घुस गया।
कुर्सियां पड़ी रहीं खाली
सांप की दहशत के कारण कमरा नंबर 7 में बनी ओपीडी में दिनभर कुर्सियां खाली पड़ी रहीं। एक भी डॉक्टर की ओपीडी के अंदर घुसने की हिम्मत नहीं हो सकी। साथ ही मरीजों में भी भय की स्थिति बनी रही। बाद में दूसरे कमरे में मरीजों की जांच की गई।
इधर, सांप के डसने से मौत
माल कॉलोनी में बुधवार को खेत में एक व्यक्ति को सांप ने डस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सांप के डसने माल कॉलोनी निवासी सुरेश 30 की मौत हो गई। सुरेश खेतों में चारा लेने के लिए गया था। इसी दौरान उसे सांप ने डस लिया।
ऐसी कोई चीज नहीं
भूत या काले साये जैसी कोई चीज नहीं होती है। कभी कभी हारर मूवी देखने, भूतों से संबंधित कोई स्टोरी सुनने और ऐसी ही किसी बातचीत इंसान काे मानसिक तौर पर परेशान कर देती है। इससे इंसान उसी तरह की चीजों के बारे में सोचने लगता है। जबकि ऐसा कुछ होता नहीं है।
डॉ. संदीप राणा, मनोवैज्ञानिक, विभागाध्यक्ष मनोविज्ञान जीजेयू।
सिविल अस्पताल के नर्सिंग हॉस्टल में पत्थर फेंके जाने की सूचना मिली थी। मगर इस मामले में पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं आई है।
हेड कांस्टेबल, अनाज मंडी चौकी