पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Water Works Motorway Stopped Three Hours In Protest

वॉटर वक्र्स के विरोध में तीन घंटे हाईवे रोका

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
हिसार. सातरोड में वाटर वक्र्स बनाए जाने के विरोध में पार्षद राजपाल मांडू सहित सैकड़ों लोगों ने तीन घंटे तक हाईवे जाम कर दिया। ग्रामीण हाईवे पर बैठ गए और पेड़ काटकर रोड पर डाल दिए। इससे वाहनों की लंबी कतारें लगी गईं। जाम की सूचना पाकर खुलवाने के लिए तहसीलदार पहुंचे, मगर गांव वाले नहीं माने।
ग्रामीण डीसी को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़े रहे। लगातार तीन घंटे तक हाईवे पर लोग बैठे रहे, मगर डीसी नहीं पहुंचे। आखिरकार ग्रामीण खुद ही करीब 4 बजे घरों को लौट गए। उधर, जाम के कारण ट्रैफिक शहर के अंदर डायवर्ट हो गया। इसके कारण शहर दोपहर से शाम तक जाम की स्थिति रही।
प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनस्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने गुरुवार को सातरोड गांव में 38 एकड़ भूमि पर वाटर वक्र्स बनाने के लिए झाडिय़ों की कटाई शुरू कर दी। शुक्रवार को मामले को लेकर गांव की धर्मशाला में पंचायत हुई। जिसके बाद सैकड़ों पुरुष और महिलाएं वाटर वक्र्स बनाने वाले स्थान पर जाकर बैठ गए। वहां काम पर आने वाले कर्मचारियों का इंतजार किया, मगर कोई नहीं पहुंचा। करीब सवा 1 बजे लोग हाईवे पर बैठ गए। ग्रामीणों ने मौके पर ही हरे पेड़ काटकर सड़क पर डाल दिए। जिसके कारण जाम लग गया।
जाम की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी विपिन कादयान व तहसीलदार पहुंचे। पार्षद राजपाल मांडू सहित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण गांव की जमीन पर वाटर वक्र्स न बनाने की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि वे जाम भी तभी खोलेंगे जब डीसी मौके पर आएंगे। शाम चार बजे तक लोग हाईवे पर बैठे रहे। उपायुक्त मौके पर नहीं पहुंचे ग्रामीणों ने हारकर स्वयं ही जाम खोल दिया।
28 को होगी पंचायत
पार्षद राजपाल मांडू ने कहा कि जब से सातरोड गांव को नगर निगम में शामिल किया गया है विकास का कोई काम नहीं करवाया। गांव में 28 को पंचायत होगी। जिसके लिए मुनादी कराई जाएगी। पंचायत कर जाम लगाने का दिन तय किया जाएगा।