हिसार. तेज रफ्तार जायलो गाड़ी ने रविवार रात एक बुजुर्ग को टक्कर मारकर घायल कर दिया। जायलो गाड़ी पटेल नगर निवासी 55 वर्षीय ओमप्रकाश के घर में घुस गई। सड़क से करीब 30/35 फीट दूर बने मकान का पहले दरवाजा तोड़ा, फिर वहां खड़ी बुलेट बाइक और स्कूटर को कुचलते हुए जायलो स्कूटी से टकराई।
उस वक्त ओमप्रकाश स्कूटी पर ही बैठे थे। वे स्कूटी रोक कर उससे नीचे भी नहीं उतरे थे कि पीछे से जायलो गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। इतने पर भी बस नहीं हुई। जायलो चालक ने तीन बार स्कूटी को टक्कर मारी। इससे स्कूटी बुरी तरह पिचक गई। ओमप्रकाश की टांगे उसमें फंस गई। बड़ी मुश्किल से परिवार के लोगों ने उन्हें निकाला।
पटेल नगर के सुमित ने बताया कि उनके पिता ओमप्रकाश रात कैंप चौक से अपनी कनफेक्शनरी की दुकान बढ़ा कर आए थे। उनके घर में घुसते ही पीछे से जायलो गाड़ी ने उन्हें मारने की नीयत से टक्कर मार दी। उनके घर में आने से पहले जायलो गाड़ी घर से कुछ दूर खड़ी थी।
यहां चार पांच लोग खड़े थे। इन्होंने उनके आते ही इशारा किया और गाड़ी घर का दरवाजा तोड़ते हुए गाड़ी को अंदर घुसा दिया। मैंने चालक को पकड़कर बाहर निकाला। वह बार बार गाड़ी को रेस दिए जा रहा था। मेरी बहन हादसे में बाल बाल बची। वह दरवाजा बंद कर रही थी। गाड़ी को घर में घुसते देख बड़ी मुश्किल से उसने खुद को बचाया।
एक को पकड़ा
घर के दूसरे सदस्यों ने बाहर आकर कार सवारों को पकड़ा। उसमें चार लोग थे। एक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बाकी वहां से भाग निकले। पिचकी स्कूटी को काटकर घायल को निकाला और अस्पताल पहुंचाया। उनके बाएं घुटने में तीन फ्रेक्चर आए।
इस कारण घुटना बदलना पड़ा। पैर में भी फ्रेक्चर है। सोमवार सुबह ही ऑपरेशन हुआ है। सोमवार सुबह डीएसपी क्राइम, एसएचओ सिविल लाइन और पीएलए चौकी प्रभारी घायल का बयान लेने पहुंचे। पुलिस को अनजान लोगों के खिलाफ हत्या प्रयास की शिकायत दी है यह हादसा साजिशन किया गया है।