पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पर्यावरण स्वच्छता की पहल स्वयं से करने की जरूरत

पर्यावरण स्वच्छता की पहल स्वयं से करने की जरूरत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
करनाल। डीसी बलराज सिंह ने कहा कि हमारे देश में पिछड़ेपन का सबसे बड़ा कारण अस्वच्छता है। युवा पीढ़ी यदि इस अभियान में एकजुट होकर काम करे तो गंदगी के इस कलंक को धोया जा सकता है। पर्यावरण स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से ही करनी होगी। डीसी लघु सचिवालय के सभागार में नेहरू युवा केंद्र निर्मल भारत अभियान द्वारा स्वच्छ भारत अभियान कार्यक्रम की सफलता के लिए आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हमारे देश में किसी व्यक्ति को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक करना शर्म का विषय है। स्वच्छ रहने के लिए किसी को अमीर होने की जरूरत नही हैं। लोग यदि अपने आस-पास सफाई रखें तो देश की एक बहुत बड़ी समस्या का हल स्वयं हो जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को शौच के लिए शौचालयों का प्रयोग करना चाहिए। जिस घर में शौचालय नहीं है, उन्हें शौचालय बनवाना चाहिए। किसी भी व्यक्ति को बाहर शौच नहीं करना चाहिए।

सफाई के लिए जन आंदोलन की जरूरत : उपायुक्त ने कहा कि नेहरू युवा केंद्र निर्मल भारत अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं को सफाई के लिए जन आंदोलन बनाने की जरूरत है। सफाई अभियान की सफलता के लिए जिस भी सहयोग की जरूरत होगी तो जिला प्रशासन उसको पूरा करने का हर सम्भव प्रयास करेगा। उन्होंने सफाई अभियान से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई अभियान कागजों में नही बल्कि फील्ड में दिखाई देना चाहिए, तभी हम अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। निर्मल भारत अभियान के समन्वयक राजकुमार संधू ने कहा कि घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छ रहने के तरीकों के बारे में तथा उससे होने वाले लाभ के बारे में जानकारी देनी होगी।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित : इस अवसर पर डा. सरोज बाला, जिला उद्योग केंद्र से संयुक्त निदेशक आर.एस रावल, जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप शर्मा, जिला खेल अधिकारी कर्मचंद, जिला परियोजना अधिकारी डीआरडीए अनीता अरोडा, युवा समन्वयक जोगिन्द्र कुमार, निर्मल भारत अभियान के समन्वयक राजीव शर्मा, नेहरू युवा केंद्र के नेशनल युवा समन्वयक साक्षी रूपा तथा राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता मुस्लिम मामूराम भी उपस्थित थे।

23 अक्टूबर तक चलेगा सफाई अभियान : नेहरू युवा केंद्र के समन्वयक प्रदीप कुमार ने बताया कि जिला के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए डीआरडीए की निर्मल भारत विंग के साथ 25 सितंबर से 23 अक्टूबर तक विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान जिन घरों में शौचालय नहीं है, उन घरों की सूची भी तैयार की जाएगी ताकि समय रहते उन घरों में सरकारी स्कीम के तहत शौचालयों का निर्माण किया जा सके।
लघु सचिवालय के सभागार में बैठक को संबोधित करते उपायुक्त बलराज सिंह।