फसलों के नुकसान का मुआवजा जल्द मिलेगा
करनाल| कृषिमंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि सफेद मक्खी के प्रकोप से प्रभावित कपास अन्य खरीफ फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा शीघ्र ही किसानों को वितरित किया जाएगा। विशेष गिरदावरी की रिपोर्ट सरकार को पहले ही मिल चुकी है। पंचायती चुनावों के कारण आचार संहिता के चलते इसमें विलंब था।
धनखड़ शुक्रवार को करनाल में आयोजित पंचायत समिति जिला परिषदों के सदस्यों के लिए आयोजित राज्य स्तरीय शपथ समारोह के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। एक प्रश्न के उत्तर में धनखड़ ने कहा कि स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही हैं। स्वामीनाथन ने प्राकृतिक आपदाओं से फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए 10 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा देने की बात कही है, जबकि हरियाणा सरकार ने 12 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से मुआवजा निर्धारित किया है। इसी प्रकार उन्होंने फसलों के बीमे की बात कही है। आगामी खरीफ फसलों से प्रधानमंत्री बीमा योजना लागू की जा रही है।