करनाल। एफसीआई कर्मचारी संगठन के बैनर तले श्रमिकों का धरना मंगलवार को 31वें दिन भी जारी रहा। श्रमिकों ने समय से पहले सेवानिवृत करने के विरोध में नारेबाजी की। इस मौके पर भारतीय मजदूर संघ के प्रदेशाध्यक्ष जंग बहादुर यादव ने कहा कि अगर एफसीआई श्रमिकों की उम्र विवाद का निपटारा शीघ्र नहीं किया गया तो श्रमिकों के बच्चे भी धरना प्रदर्शन भूख हड़ताल करने को विवश होंगे।
उन्होंने कहा कि समय से पहले सेवानिवृत करने के विरोध में श्रमिक लगातार 31 दिनों से धरना दे रहे हैं, लेकिन किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने असलियत जानने की कोशिश नहीं की है। किसी भी कोर्ट ने उम्र का विवाद नहीं बनाया, केवल एफसीआई के भ्रष्ट अधिकारी अपनी जेब भरने के लिए श्रमिकों के प्रति ऐसी कार्रवाई कर रहे हैं। निर्धारित सेवानिवृति से 5-6 साल पहले ही सेवा मुक्त किया जा रहा है। श्रमिकों पर इस तरह के जुल्म को हर्गिज नहीं बर्दाश्त किया जाएगा। इस अवसर पर राम बहादुर महतो, कामदेव सिंह, जानकी साहनी, सुरेश कुमार, मंजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।
(करनाल: मांगों को लेकर नारेबाजी करते एफसीआई कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी।)