करनाल। पाकिस्तान की ओर से रहे पश्चिम विक्षोभ से ठीक पहले ठंड के तेवर बढ़ गए हैं। मंगलवार की रात साल की सबसे ठंडी रात आंकी गई है। न्यूनतम तापमान अचानक 5.0 डिग्री हो गया है। जबकि 24 घंटे पहले यह 7.2 डिग्री आंका गया था। अधिकतम तापमान भी 24.0 डिग्री से घटकर अब 21.5 डिग्री पर टिका है। यानि रात ही नहीं दिन में भी ठंडक बढ़ चुकी है। पछुआ हवा की तेजी भी दर्ज की गई है यह करीब 25 किलोमीटर प्रति घंटा रही। अगले 48 घंटे में न्यूनतम तापमान में थोड़ी कमी और दर्ज की जा सकती है।
बरसात से पहले आई ठंड : मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 12 दिसंबर की रात को पश्चिमी विक्षोभ असर दिखा सकता है। इससे पूर्वी हवा चल सकती है और प्रदेश के कुछ इलाकों में बौछार भी पड़ सकती हैं। 13 और 14 को इसका असर रहेगा। यही नहीं स्नो फाल का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है, शिमला में 14 15 दिसंबर को स्नो फाल भी हो सकता है। शिमला में फिलहाल न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री चल रहा है। 16 दिसंबर को आसमान के साफ होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।
फिलहाल धुंध ने समूचे यूपी, बिहार को अपनी चादर में लपेट रखा है। अब 12 या 13 तक यह हरियाणा के कुछ इलाकों में थोड़ी बढ़ सकती है। पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में धुंध देखी गई, हालांकि इसकी दृश्यता ठीक रही। उत्तरी हरियाणा के कुछ इलाकों में इसके और बढ़ने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।
बुधवार को जहां न्यूनतम अधिकतम तापमान दोनों डाउन हो गए हैं। वहीं नमी सुबह 91 फीसदी दोपहर बाद 25 फीसदी आंकी गई है। हवा का दबाव सुबह 7.2 डिग्री, दोपहर बाद अचानक घटकर 4.6 डिग्री रह गया। हिसार में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जबकि देश में मैदानी इलाकों में यूपी का मुज्जफरनगर सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री रहा।
- दिन में गहराएगी ठंड, 16 दिसंबर को होगा मौसम साफ ।
- पहाड़ों में 14 और 15 को पड़ सकती है बर्फ ।