16 से शुरू होगा जन सूचना अभियान
करनाल | केंद्रसरकार द्वारा शुरू की गई जनहित की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए खंड नीलोखेड़ी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के साथ लगते दशहरा ग्राउंड में 16 से 18 दिसंबर तक पत्र सूचना विभाग द्वारा जन सूचना अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस दौरान सरकारी तथा गैर सरकारी विभागों द्वारा 35 प्रदर्शनी स्टाल भी लगाए जाएंगे। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त गिरीश अरोड़ा ने लघु सचिवालय में पत्र सूचना कार्यालय चंडीगढ़ से आए अधिकारियों के साथ स्थानीय अधिकारियों की बैठक में दी।
एडीसी ने कहा कि इस अभियान में केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री जनधन योजना,स्वच्छ भारत अभियान,बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ,डिजिटल इंडिया, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना,राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन, शिक्षा का अधिकार,स्कूलों में दोपहर का भोजन,महिला सशक्तिकरण,समेकित बाल विकास सेवाएं एवं सूचना का अधिकार इत्यादि योजनाओं के बारे लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर मीडिया एवं संचार अधिकारी आकांक्षा सक्सेना,डीडीपीओ जगराम मान,जिला शिक्षा अधिकारी आशा मुंजाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
नि:शुल्क की जाएगी स्वास्थ्य की जांच : एडीसी
अतिरिक्तउपायुक्त ने बताया कि जन सूचना अभियान के मौके पर नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे तथा प्रधानमंत्री जन-धन योजना के तहत बैंक खाते खोले जाएंगे इसके लिए व्यक्ति को अपना आधार कार्ड साथ लेकर आना पड़ेगा, जिसके पास आधार कार्ड नहीं है वो अपना कोई और पहचान पत्र ला सकता है। उन्होंने कहा कि मौके पर आधार कार्ड बनवाने के लिए मशीन भी लगाई जाएगी। इस काम के लिए जिला प्रशासन ने डीडीपीओ जगराम मान को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
करनाल. अधिकारियोंको संबोधित करते एडीसी गिरीश अरोड़ा।