आय छिपाएं नहीं, समय पर दें टैक्स
करनाल | आयकरविभाग करनाल रेंज के अपर आयुक्त एमके जुल्का ने कहा कि आयकर दाताओं को समय पर अपना आयकर जमा करा देना चाहिए। अपनी आय छिपाने की बजाए खुद ही उसका सही टैक्स अदा कर देना चाहिए। अगर आयकरदाता एक कदम उनकी तरफ बढ़ेंगे तो वे दो कदम उनकी तरफ बढ़ाएंगे। वे सेक्टर-12 स्थित आयकर भवन में व्यापारियों, डॉक्टरों उद्योगपतियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
श्री जुल्का ने आयकरदाताओं की मांग पर कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि स्क्रूटनी में कम से कम समय लगे। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग उनके अपने हित में है। हम सभी को नियम कानूनों का पालन करते हुए देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है। जिन लोगों का एडवांस बकाया है वे 15 दिसंबर तक उसे अदा कर दें। अगर खुद ही सही इनकम टैक्स अदा करते रहे तो फिर किसी को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने वाली है। आयकर विभाग के अधिकारियों में आरटीओ जेके मेहता, राजीव रतन,जगबीर सिंह, सोहनलाल गर्ग, वीर तनेजा तथा आयकर दाताओं में व्यापार मंडल के जनरल सेक्रेटरी विपिन शर्मा, जेआर कालड़ा, डॉ. प्रवीन गर्ग, डॉ. राजीव गुप्ता, डॉ. संदीप, आदि उपस्थित रहे।
आयकर विभाग कार्यालय में जानकारी लेते डाॅक्टर और व्यापारी।