जुंडला | फिल्मी स्टाइल में दो छात्र गुटों के बीच बस में खूनी संघर्ष हुआ। इससे बस में सवार महिलाएं छात्राएं भयभीत हो गई और सहायता के लिए 1091 नंबर पर फोन भी किया। घटना से क्षुब्ध रोडवेज कर्मचारियों ने बजीदा रजवाहे की पुलिया के पास रोड जाम कर दिया। पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही करीब एक घंटे बाद जाम खुल पाया।
मूनक से करनाल आने वाली परिवहन विभाग की बस के ड्राइवर नरेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह जैसे ही वे घोघड़ीपुर के समीप बजीदा पुलिया के पास पहुंचे तो चार मोटरसाइकिलों पर सवार छात्रों ने बस को घेर लिया। करीब आधा दर्जन हमलावर छात्र बस में घुस गए और बस में बैठे कुछ छात्रों पर हमला कर दिया। ड्राइवर का आरोप है कि विरोध करने पर हमलावरों ने उसे ही जान से मारने की धमकी दी। हमले में बीजना गांव के दो छात्र घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया।
महिला हेल्प न. 1091 पर किया फोन : बस में हुए ताबड़तोड़ हमले से उसमें सवार छात्राएं महिलाएं बुरी तरह घबरा गईं। सहायता के लिए उन्होंने अपने अभिभावकों और महिला हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर दिया। सूचना पाकर कई अभिभावक भी मौके पर पहुंच गए और छात्राओं को निजी वाहनों में बैठाकर स्कूलों में ले गए।