एफसीआई मामले की हो सीबीआई जांच : यादव
करनाल| भारतीयमजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष जंग बहादुर यादव ने कहा कि एफसीआई में चल रही मनमानी की जांच सीबीआई से करवाई जाए। सरकारी अस्पताल के सीएमओ द्वारा मेडिकल प्रमाणित सभी विभागीय रिकार्ड में दर्ज 20 वर्ष पुरानी जन्मतिथि को बदलकर तय सेवानिवृत्ति समय से 5-6 साल पहले ही एफसीआई से गैर कानूनी ढंग से जबरन सेवानिवृत्त किया गया है। एफसीआई अधिकारी मनमानी कर रहे हैं।
एफसीआई से जबरन रिटायर किए गए श्रमिकों के धरने को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि श्रमिकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सोमवार को श्रमिकों का धरना 94वें दिन में प्रवेश कर गया। श्रमिकों ने नारेबाजी कर एफसीआई अधिकारियों के खिलाफ गहरा रोष जाहिर किया। जंग बहादुर यादव ने कहा कि एफसीआई मैनेजमेंट ने कानून तथा न्याय दोनों को ताक पर रख दिया है। उन्होंने कहा कि सर्टिफाइड स्टेंडिंग आर्डर की शर्तों को नकार कर एफसीआई तानाशाही का परिचय दे रहे हैं, जिसे संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा। मौके पर राम बहादुर महत्ता, कामदेव सिंह, जानकी साहनी, सुरेश, धन्नाराम, मोहम्मद कलीम आदि श्रमिक मौजूद रहे।