करनाल। विधानसभा चुनाव को लेकर सोमवार को लघु सचिवालय में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में हुई। जिसमें शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए विभिन्न पहलुओं पर विचार विमर्श किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी बलराज सिंह ने राजनीतिक दलों से माडल कोड आफ कंडक्ट का अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की।
जिला निर्वाचन अधिकारी बलराज सिंह ने निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों तथा आदर्श आचार संहिता के पालन की के बारे में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जानकारी दी। श्री सिंह ने कहा 20 सितंबर 2014 से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी जिसकी आखिरी तारीख 27 सितंबर है। कहा कि रविवार अवकाश को छोड़कर प्रत्येक कार्यदिवस पर नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। इसके साथ ही अन्य बिंदुओं पर भी जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया। बैठक में बीजेपी से मुकेश अरोड़ा, बहुजन समाज पार्टी से ईश्वर चौरा राम मेहर, सीपीआई(एम) विजय कंबोज, कांग्रेस पार्टी से अशोक खुराना, हजकां से माईलाल कश्यप उपस्थित थे।
20हजार तक नकद खर्च : उम्मीदवार20 हजार तक नकद खर्च कर सकता है। इससे ऊपर की राशि का चेक देना पड़ेगा लेकिन सारे खर्चे का हिसाब किताब प्रतिदिन खर्च रजिस्टर में दर्ज करना होगा। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के पास 50 हजार रुपए से ऊपर का कैश मिलता तो उसे पूछने पर स्पष्ट करना होगा कि वह इस राशि को कहां से लाया है और किस उद्देश्य के लिए अपने पास रखे हुए है।
फर्जी वोट रोकने के प्रयास : प्रशासन चुनाव में फर्जी मतदान रोकने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। इसके लिए जिन व्यक्तियों की मृत्यु हो चुकी है और जो व्यक्ति लंबे समय से अपने निर्वाचन क्षेत्र में नहीं रह रहे है या स्थाई रूप से कहीं शिफ्ट हो गए हैं, उनकी सूची हर पोलिंग स्टेशन पर पोलिंग पार्टी के पास मौजूद रहेगी। बलराज सिंह ने बताया कि कोई भी मतदाता वोटर सूची में अपना नाम चैक कर सकता है। जिस व्यक्ति का नाम सूची में होगा, वही वोट डाल सकेगा। लोगों की सुविधा के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा की साइट पर भी वोटर लिस्ट उपलब्ध है। बतादें कि जिले में 9 लाख 61 हजार मतदाता चिन्हित हैं।
करनाल. लघुसचिवालय में अधिकारियों की बैठक लेते डीसी बलराज सिंह।