- Hindi News
- सांसद के आदेशों के बावजूद बंद नहीं हुई गोद लिए गांव में शराब बिक्री
सांसद के आदेशों के बावजूद बंद नहीं हुई गोद लिए गांव में शराब बिक्री
सांसदअश्विनी चोपड़ा के आदेशों के बावजूद उनके द्वारा गोद लिए गए गांव में शराब की अवैध बिक्री बंद नहीं हुई है। इससे लोग खासे परेशान हैं और उन्होंने सोमवार को इसके विरोध में एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर शराब की अवैध बिक्री पर रोक लगाए जाने की मांग की। सांसद चोपड़ा द्वारा मोहदीनपुर गांव गोद लिया गया है। गांव में हो रही शराब की अवैध बिक्री से ग्रामीण खासे परेशान हैं। इस मामले को वे सांसद के सामने भी उठा चुके हैं।
सांसद 2 फरवरी को गांव में समस्याएं सुनने के लिए आए थे, तब गांव वासियों ने यह मामला उनके समक्ष उठाया था। गांव के लोगों की शिकायत पर सांसद ने डीसी को इस बारे में आदेश दिए थे, लेकिन सप्ताहभर बीत जाने के बावजूद भी कोई कार्रवाई होने के कारण सोमवार को लोग डीसी से मिलने पहुंचे। डीसी की गैरमौजूदगी में ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि गांव में कदम-कदम पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। इसे रुकवाने के लिए प्रशासन ने सर्वे तो करवाया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। एसडीएम ने जल्द ही कार्रवाई करने की बात कही। मौके पर ओमप्रकाश फौजी, रघुबीर पंच, कुलदीप, राम सिंह, सुरेश आर्य, चंचल राणा, राजपाल, जयपाल, संतोष आदि अनेक लोग शामिल रहे।