- Hindi News
- ठोस कचरा प्रबंधन से गंदगी से मुक्त होंगे गांव : अरोड़ा
ठोस कचरा प्रबंधन से गंदगी से मुक्त होंगे गांव : अरोड़ा
करनाल | निर्मलभारत अभियान के तहत जिला करनाल के सभी गांवों में ठोस कूड़ा एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना क्रियान्वित की जाएगी। इस परियोजना के अन्तर्गत हरियाणा सरकार द्वारा प्रथम चरण में जिला के 31 गांवों में करीब 4 करोड़ रुपए की लागत से ठोस एवं तरल कूड़ा-कचरा प्रबंधन प्रोजेक्ट लगाए जा रहे हैं। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त गिरीश अरोडा ने दी।
श्री अरोड़ा ने बताया कि उपायुक्त डाॅ. जे गणेशन के मार्गदर्शन में अब जिले के गांव पूर्ण रूप से कूड़ा-कचरा से मुक्त होंगे। गांवों में ठोस कूड़ा-कचरा तरल अपशिष्ट के निपटान हेतु उचित प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि निर्मल भारत अभियान का उद्देश्य ही ग्रामीणों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना है। ठोस एवं तरल कूड़ा-कचरा प्रबंधन के माध्यम से ही व्यवस्था के लक्ष्य को आसानी से हासिल किया जा सकता है। गांव में बेकार पड़ा ठोस कूड़ा-कचरा पंचायतों के लिए आमदनी का एक साधन भी बन सकता है। इस परियोजना के तहत गांवों में कंपोस्ट-पिट, वर्मी-कंपोस्टिंग, सार्वजनिक एवं निजी बॉयो गैस संयंत्र, कम लागत वाली निकासी, सीवरेज चैनल, गड्ढा, सोखता गड्ढा, गंदे पानी का पुन: इस्तेमाल और संग्रहण प्रणाली, घरेलू कचरे को घर-घर से इकट्ठा करना, एक स्थान पर ले जाना, गलनशील अगलनशील कचरे को अलग-अलग करना तथा उसका सही रूप से निपटान करना इत्यादि जैसे कार्य गांवों में कार्यकारी अभियंता पंचायती राज रामफल की देखरेख में करवाए जा रहे हैं।