एफसीआई के श्रमिकों को मिले न्याय : यादव
एफसीआईसे रिटायर किए गए श्रमिकों का धरना रविवार को 93वें दिन में प्रवेश कर गया। पिछले 92 दिनों से धरने पर बैठे श्रमिकों का कहना है कि उनकी सुनवाई नहीं की जा रही है। जिससे श्रमिकों में रोष है। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पताल के सीएमओ द्वारा मेडिकल प्रमाणित सभी विभागीय रिकार्ड में दर्ज 20 वर्ष पुरानी जन्मतिथि को बदलकर तय सेवा निवृत्ति समय से 5-6 साल पहले ही एफसीआई से गैर कानूनी ढंग से जबरन सेवानिवृत किया गया है। इसको लेकर एफसीआई के श्रमिक धरने पर बैठे हुए हैं और राज्य से अपनी मांगों को मनवाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। श्रमिकों का कहना है कि एफसीआई अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। धरने को संबोधित करते हुए भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष जंग बहादुर यादव ने कहा कि एफसीआई मैनेजमेंट ने कानून तथा न्याय दोनों को ताक पर रख दिया है। इस अवसर पर राम बहादुर महतो, कामदेव सिंह, जानकी साहनी, सुरेश कुमार, धन्ना राम, मोहम्मद कलीम आदि श्रमिक मौजूद रहे।