पश्चिमी बाईपास से आसान होगा सफर, वाहनों का दबाव भी घटेगा
वर्षोंसे लंबित प्रोजेक्ट पर अब जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। सोमवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पश्चिमी बाईपास के निर्माण कार्य का शिलान्यास कर दिया। अगले 18 माह में पश्चिमी बाईपास बनकर तैयार होगा। ऐसा दावा पीडब्ल्यूडी विभाग ने किया है। पश्चिमी बाईपास बनने के बाद शहर की सड़कों से भारी वाहनों का दबाव कम हो जाएगा और जनजीवन का दुर्घटनाओं से बचाव हो सकेगा।
शहर के डेवलपमेंट प्लान में शामिल पश्चिमी बाईपास का निर्माण कांग्रेस सरकार के शासन ने लंबित चला रहा है। कांग्रेस सरकार ने जिक्र तो कई बार किया, लेकिन योजना को क्रियान्वित नहीं किया जा सका। भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पश्चिमी बाईपास निर्माण की घोषणा की थी। घोषणा के एक साल बाद मुख्यमंत्री ने पश्चिमी यमुना नहर की पटरी पर बाईपास के निर्माण का शिलान्यास कर शहर को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने का भरोसा दिया है। उधर, पीडब्ल्यूडी ने इस प्रोजेक्ट के पहले फेज के निर्माण कार्य को 18 माह में पूरा करने का दावा किया है। सड़क के साथ-साथ अंडर रेलवे ब्रिज का निर्माण भी किया जाएगा।