सर्व कर्मचारी संघ के सदस्यों ने प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
सर्वकर्मचारीसंघ हरियाणा की राज्य कार्यकारिणी के फैसले के अनुसार संघ के ब्लाॅक प्रधान रोशन लाल गुप्ता के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के महिला पुरुष कर्मचारियों ने अपनी मांगों को पूरा करवाने के लिए कर्ण पार्क में इकट्ठा होकर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्ण पार्क से प्रदर्शनकारी प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय पर जाने के लिए आगे बढ़े, परंतु रास्ते में माल रोड पर बेरिकेड्स लगाकर पुलिस ने रोक लिया। वहां पर कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए एसडीएम योगेश कुमार को कर्मचारियों की मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सर्वकर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान ओमप्रकाश सिंहमार ने कहा कि सरकार ने विधानसभा चुनाव से पूर्व जारी अपनी पार्टी के चुनावी संकल्प पत्र में प्रदेश कर्मचारियों के लिए भी प्रमुख मांगों को लागू करने का आश्वासन दिया था। ब्लाॅक प्रधान रोशनलाल गुप्ता सचिव जयपाल सिंह ने कहा कि पंजाब के समान वेतनमान देने पर भी सरकार के विरोधाभासी बयान रहे हैं। प्रदर्शनकारियों को उर्मिला, मैना, सुमन सुभरी, करतार रानी, रामनाथ वालिया, सुरेश पाल, महिंद्र पंचाल, रिषीपाल, देवीचंद, aजयपाल, तरविंद्र शर्मा आदि ने संबोधित किया।