(दीवार में लगी गोली की जांच करती पुलिस )
करनाल। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम दिल्ली के मोस्ट वांटेड बदमाश दीपक डबास उर्फ दीपा का पीछा करते- करते करनाल में देर रात पहुंची। पुलिस ने करनाल काछवा रोड पर फ्लाईओवर के नजदीक इनोवा गाड़ी में सवार वांटेड बदमाश को रुकने का इशारा करते हुए अपनी गाड़ी उसकी गाड़ी के आगे लगा दी। इस पर दीपक उर्फ दीपा ने पुलिस की स्पेशल सेल की टीम पर गोली दी। बदमाश दीपक उर्फ दीपा द्वारा की गए फायर में स्पेशल टीम का नेतृत्व कर रहे सब इंस्पेक्टर विनय कुमार बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम की ओर से भी गोली चलाई। लेकिन आरोपी अपनी इनोवा गाड़ी लेकर भागने में कामयाब हो गया।
दो खोल किए गए हैं बरामद : जिला पुलिस ने दिल्ली पुलिस के बयान पर आरोपी मोस्ट वांटेड बदमाश दीपक डबास उर्फ दीपा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मौके से दो गोली के खोल बरामद कर लिए। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के सब इंस्पेक्टर विनय कुमार ने बताया की उन्हें सूचना मिली थी, की दीपक डबास उर्फ दीपा अंबाला में छुपा हुआ है। उसकी गाड़ी का नंबर हमारे पास था। उनकी टीम जीटी रोड करनाल नमस्ते चौक के पास आरोपी को पकड़ने के लिए बैठी हुई थी। लेकिन वह करनाल शहर की ओर मुड़ गया।
करनाल पुलिस को नहीं किया गया ऑपरेशन में शामिल : रामनगर चौकी इंचार्ज नरेश कुमार ने बताया कि दिल्ली पुलिस के पास अगर पुख्ता सूचना थी कि आरोपी करनाल में रहा है या रह रहा है। तो उसे करनाल पुलिस को आप्रेशन में शामिल करना चाहिए था। उन्हें सूचना देनी चाहिए थी। अगर ऐसा होता तो शायद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होता। दिल्ली पुलिस ने वारदात और मुठभेड़ के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दिल्ली पुलिस के बयान पर आरोपी मोस्ट वांटेड बदमाश दीपा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सेक्टर 12 से ही बदमाश के पीछे लगी थी पुलिस: टीम सेक्टर 12 से ही उसका पीछा कर रही थी। उसकी गाड़ी रामनगर के पास खड़ी थी। टीम ने गाड़ी में सवार से पूछा कि क्या आप दीपक हो। तुम्हें सरेंडर करना होगा। इस पर उसने गाड़ी चला दी। पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश की। उसने पुलिस टीम पर फायर भी किया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चला दी। लेकिन वह फरार हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर 302 120 बी का मामला दर्ज है। मामले की पैरवी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल कर रही थी।
दिल्ली स्पेशल सेल की टीम कर रही थी बदमाश का पीछा ।