तेज हथियारों से युवक पर हमला
सेक्टर-8की मार्केट में कलीमपुर जिला मुज्जफरनगर यूपी निवासी रवि कुमार को अज्ञात युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर घायल कर दिया। घायल को ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया गया। जहां पर युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से शहर के लोग सकते में हैं। सेक्टर-9 चौकी प्रभारी विक्रांत ने बताया कि युवक समौरा स्थित मंगलमय कॉलेज का छात्र है। वह सेक्टर आठ में जिम से कार में सवार होकर वापस जाने लगा, उसी समय चार-पांच बाइकों पर सवार युवकों ने गंडासी, डंडे अन्य हथियार से उस पर हमला कर दिया और फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। जहां पर उसका उपचार चल रहा है। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी धरपकड़ शुरू कर दी है।