पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 11 दिसंबर को चंडीगढ़ कूच करेंगे पांच गांवों के किसान

11 दिसंबर को चंडीगढ़ कूच करेंगे पांच गांवों के किसान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
करनाल। चकबंदी पीड़ित किसान सोमवार को एसपी और डीसी से मिलने के लिए लघु सचिवालय पहुंचे, लेकिन यहां पर उन्हें अधिकारी नहीं मिले। उन्हें अधिकारियों को अपनी समस्या बताए बिना ही वापस लौटना पड़ा। किसानों ने कहा कि अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, इसलिए अब वे बच्चों सहित 11 दिसंबर को चंडीगढ़ में धरना-प्रदर्शन के लिए कूच करेंगे।
किसान प्रदीप कालरम, रूहला सिंह, कर्मा लालुपुरा, जल सिंह, प्रदीप, सतीश कालरों, राजबल, नकली भरतपुर आदि ने कहा कि कैरवाली गांव के रकबे में कई गांवों के किसान खेती करते रहे हैं। जो चकबंदी चल रही है, उसमें सैकड़ों किसान परिवार बेइमानी की भेंट चढ़ रहे हैं।
भूमाफियाओं के कारण प्रशासन उनके मामले को लटकाए जा रहा है। भू माफिया किसानों पर धारदार हथियारों और गोलियों से हमला करते हैं। लेकिन पुलिस उन्हीं लोगों को जेल में डलवा देती है, जिन पर गोलियां चलाई जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस भूमाफियाओं से मित्रता निभाती है और किसानाें से उन्हें कब्जा दिलवा देती है।
किसान लगातार आंदोलन करते रहे हैं। लेकिन अभी तक उन्हें न्याय नहीं मिला है। उनकी मांग है कि किसानों को उनकी भूमि पर कब्जा दिलाया जाए और दोषियों को सजा दी जाए।
गाैरतलब है कि अपनी मांगों को लेकर पांचों गांवों के किसान पहले ही दिल्ली तक भी जा चुके हैं। इसके बावजूद उनकी समस्या का आज तक कोई भी समाधान नहीं हो पाया है। अब किसानों ने चंडीगढ़ कूच करने का फैसला लिया है, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
- अधिकारियों को अपनी समस्या बिना बताए ही लौटे किसान

- चकबंदी पीड़ित गांवों के किसानों ने जिला सचिवालय में किया ऐलान

(करनाल: डीसीएसपी से मिलने लघु सचिवालय में पहुंचे चकबंदी पीड़ित किसान।)