पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 27 नई काॅलोनियों में लगाए जाएंगे 42 पेयजल ट्यूबवेल

27 नई काॅलोनियों में लगाए जाएंगे 42 पेयजल ट्यूबवेल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
करनाल। कर्ण नगरी में अप्रूवड नई 27 कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं देने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इन कॉलोनियों के साथ 15 गांवों में पेयजल पाइप लाइन बिछाने के साथ-साथ 42 नए ट्यूबवेल लगाने का प्रस्ताव विभाग के मुख्यालय को भेजा गया है। तकरीबन 95 करोड़ रुपए के इस बजट एस्टीमेट को अप्रूवल मिलने के बाद अगला कार्य शुरू किया जाएगा।
करनाल शहर में सरकार ने 27 नई कॉलोनियों को अप्रूवड किया। इसके साथ ही जब नगर निगम का गठन हुआ तो उसमें 15 गांवों को शामिल किया गया था। ऐसे में 27 कॉलोनियों के साथ-साथ 15 गांव भी शहरी सुविधाओं के हकदार बन गए हैं। इसलिए सरकारी आदेश पर जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग ने उक्त कॉलोनियों गांवों में पेयजल सप्लाई की व्यवस्था कराने का प्रोजेक्ट बनाकर विभागीय मुख्यालय में इंजीनियर इन चीफ के पास भेज दिया है। जैसे ही इस प्रोजेक्ट को सरकार की स्वीकृति के साथ बजट मुहैया होगा इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा। नए साल में इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
स्वास्थ्य के लिए शुद्ध पानी अहम : स्वास्थ्य के लिए शुद्ध पानी की अहम जरूरत है। क्योंकि हैजा, डायरिया पीलिया जैसी भयानक बीमारियां पानी की अशुद्धता से ही फैलती हैं। इसलिए स्वस्थ समाज के लिए पौष्टिक भोजन के साथ-साथ शुद्ध पेयजल के महत्व को स्वास्थ्य विभाग समय-समय बताता भी है। क्योंकि गिरते भू जलस्तर के कारण हैंड पंपों का पानी पेयजल के मानकों पर खरा नहीं उतरता है।

201.36 किमी लंबी बिछेगी पाइप लाइन : जनस्वास्थ्यएवं अभियांत्रिकी विभाग की ओर से मुख्यालय को भेजे गए प्रपोजल के अनुसार 201.36 किलोमीटर लंबी पेयजल पाइप लाइन बिछाई जाएगी। यह पाइप लाइन शहर ग्रामीण क्षेत्र दोनों जगह होगी। इसके अलावा पानी की उपलब्धता के लिए लगाए जाने वाले 42 ट्यूबवेलों में से 34 शहरी और 8 ट्यूबवेल गांवों में पानी की सप्लाई के लिए होंगे।

79 ट्यूबवेलों से दी जा रही है पेयजल सप्लाई : वर्तमान में शहर में 79 ट्यूबवेलों से पेयजल की सप्लाई दी जा रही है। विभाग की तरफ से प्रतिव्यक्ति 135 लीटर पेयजल देने का प्रावधान है। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि शहर को नाॅर्म के मुताबिक पानी उपलब्ध कराया जा रह है।
प्रोजेक्ट बनाकर भेजा गया है : ''पेयजल को लेकर किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हैं। भविष्य में भी लोगों को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए विभाग ने यह नया प्रोजेक्ट तैयार किया है। ''सरकार द्वारा अप्रूवड नई 27 कॉलोनियों 15 गांवों में पेयजल सप्लाई के लिए 42 नए ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। इसके लिए 201.36 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाने की योजना है।
''एस्टीमेट बजट प्रोजेक्ट बनाकर भेजा गया है। अप्रूवल मिलने के बाद अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।'' सुनील गर्ग, एक्सईएन,जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग करनाल।

इन कॉलोनियों में की जाएगी व्यवस्था : आनंद विहार कॉलोनी, अर्जुन नगर, बागपति कॉलोनी, भाट कॉलोनी, चमन गार्डन, चंबा काॅलोनी, गांधी नगर, इंदिरा कॉलोनी, इंदिरा नगर, कर्ण विहार, कृष्णा कॉलोनी, न्यू अशोक नगर, न्यू बहादुर चंद कॉलोनी, न्यूज, न्यू राजेंद्र नगर कॉलोनी, न्यू शिव कॉलोनी, न्यू शाम नगर, निर्मल विहार कॉलोनी, प्रीतम नगर, राजीव कॉलोनी, संजय कॉलोनी, सदानंद कॉलोनी, शक्तिपुरम, शालीमार कॉलोनी, शास्त्री कॉलोनी विकास नगर शामिल हैं। इसके अलावा 15 गांव भी इस प्रोजेक्ट के तहत शामिल किए गए हैं।
15 गांव 25 कॉलोनियों में बिछाई जाएगी 201.36किलोमीटर लंबी पेजयल लाइन ।