नीरज पुनिया के रिमांड का दूसरा दिन
पुलिस का अगला निशाना पूरे गिरोह का पर्दाफाश
पांचलाख के इनामी बदमाश को करनाल पुलिस जयपुर लेकर गई है। पुलिस का अगला निशाना नीरज पुनिया गिरोह का पूरी तरह से पर्दाफास करना है। पुलिस को आशंका है कि उसके दो-तीन से अधिक साथी और ऐसे हो सकते हैं जो क्राइम में उसका साथ देते रहे होंगे।
10 दिनों के रिमांड के दौरान पुलिस नीरज पुनिया से हर उस एंगल से पूछताछ कर रही है, जिससे उसके क्राइम नेटवर्क के अंतिम छोर तक पहुंचा जा सके। इसी के मद्देनजर पुलिस दूसरे दिन ही उसे सैकड़ों किलोमीटर दूर जयपुर में लेकर पहुंची। पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग के अनुसार नीरज पुनिया से हत्याओं से जुड़े कई साक्ष्य जुटाए जाने हैं, जिसके लिए पुलिस रिमांड के दौरान हर एंगल को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रही है।
पुलिसको हथियार और मोबाइल करना है बरामद
पुलिसको करनाल में दो मर्डर के आरोपी कुख्यात बदमाश नीरज पुनिया से वह हथियार बरामद करना है, जिससे उसने विकास नगर के नीरज की हत्या की थी। ऐसे प्रयासों के तहत वह उसे जयपुर लेकर गई है। इसके अलावा एक मोबाइल भी बरामद करना है, जबकि घटना को अंजाम देने में प्रयोग की गई गाड़ी को पानीपत के कई गांव से बरामद कर लिया गया है। पुलिस पुनिया से हर राज उगलवाने का प्रयास कर रही है।
हर एक राज उगलवा लेना चाहती है करनाल पुलिस
करनालमें दो हत्याओं में संलिप्त नीरज पुनिया करनाल पुलिस के लिए मोस्ट वांटेड था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पांच लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया था। लेकिन जब यह बदमाश रेवाड़ी पुलिस के हत्थे चढ़ा तो करनाल पुलिस ने उसे रिमांड पर लाने में देर नहीं लगाई। पुलिस ने उसे दो नहीं, चार नहीं पूरे 10 दिनों के रिमांड पर लिया है। यह इसलिए कि पुलिस उससे हत्या और लूटपाट की घटनाओं के बारे में हर एक राज उगलवा लेना चाहती है, ताकि उसके अपराध की दुनिया को नेस्तनाबूद किया जा सके।