करनाल | हरियाणा शतरंज एसोसिएशन (एचसीए) द्वारा 3 से 5 अक्टूबर तक एचसीए की तीन दिवसीय 13वीं राज्य स्तरीय शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन टीआईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज भिवानी में किया जाएगा। प्रतियोगिता में 300 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी चुनौती पेश करेंगे, जिनमें से 50 विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता रहे खिलाड़ी इस चैंपियनशिप में अपने जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। चैंपियनशिप में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की सूची डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट इंडियन चेस डॉट ओआरजी पर जारी कर दी गई है।
भिवानीमें किया जाएगा प्रदेश शतरंज टीम का चयन
शतरंज एसो. के प्रदेश महासचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों में से आठ सदस्यीय प्रदेश शतरंज टीम चुनी जाएगी, जो एक से 5 नवंबर तक उत्तर प्रदेश के लखनऊ शहर में होने वाली अखिल भारतीय दो लाख इनामी शतरंज प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। अखिल भारतीय स्पर्धा के लिए चुने गए खिलाड़ियों का सारा खर्च शतरंज एसो. वहन करेगी। चैंपियनशिप के अंतर्गत प्रथम, द्वितीय तृतीय विजेता खिलाड़ियों को खेल विभाग की ओर से खेल छात्रवृत्ति के अंतर्गत छात्रवृत्ति दी जाएगी। साथ ही अनुसूचित जाति के जो खिलाड़ी इस चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे उन्हें भी खेल विभाग की ओर से छात्रवृत्ति दिए जाने का प्रावधान रखा गया है।
चार आयु वर्ग में हिस्सा ले सकेंगे खिलाड़ी : प्रतियोगिता में चार आयुवर्ग अंडर-9, 13, 17 अंडर-25 आयुवर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसमें महिलाओं पुरुषों की संयुक्त रूप से प्रति स्पर्धाएं होंगी। स्पर्धा के सभी आयु वर्गों में पहले दस स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को 5 अक्टूबर को पुरस्कृत किया जाएगा। स्पर्धा में प्रवेश के लिए 30 सितंबर तक नि:शुल्क ऑनलाइन पंजीकरण होगा।
13वीं राज्य स्तरीय शतरंज चैंपिनशिप तीन से पांच अक्टूबर तक होगी
(करनाल. कर्णस्टेडियम में आयोजित खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेते विद्यार्थी।)