(करनाल : हांसी रोड पर जाम में फंसे वाहन।)
करनाल। रास्ते की तंगी झेल रहे लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट गया। लोगों ने एकत्रित होकर मूनक रूट स्थित घोघड़ीपुर फाटक चौक पर जाम लगा दिया। जिससे से अनाज मंडी की ओर जाने वाले ट्रकों की लाइन लग गई, लेकिन अन्य वाहनों को पुलिस ने दूसरे रास्तों से रवाना कर दिया। नगर निगम के अधिकारियों द्वारा जल्द सड़क निर्माण के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोला। तकरीबन डेढ़ घंटे तक जाम रहा। ऊबड़-खाबड़ रास्ते को दुरुस्त करने की मांग को लेकर लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगाें ने कहा कि दो माह पहले भी उन्होंने जाम लगाया था, लेकिन अब तक कोई हल नहीं निकला है।
सही नहीं है वैकल्पिक मार्ग : हकीकतनगर, शास्त्री नगर, महावीर कॉलोनी आदि के बाशिंदों रामकुमार, मदनलाल, अजय कुमार, शिव कुमार, अशोक कुमार, राजकुमार, अनिल कुमार, विनोद कुमार, पंकज, देवीलाल, तेजबीर जिले सिंह आदि ने बताया कि घोघड़ीपुर फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है। इस कारण से शहर की चार-पांच कॉलोनी के लोगों को वैकल्पिक मार्ग की तंगी झेलनी पड़ी है।
शास्त्री नगर से होकर आने वाली सड़क को कॉलोनीवासियों ने वैकल्पिक मार्ग के तौर पर अपनाया था, लेकिन सीवर पाइपलाइन बिछाने के कारण इस सड़क को उखाड़ दिया गया था। इसके बाद से यह सड़क ऊबड़-खाबड़ बनी हुई हैं। इन कॉलोनियों के लोगों को दुपहिया वाहन के अलावा पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
काम में तेजी लाएंगे : इस सड़क का निर्माण कार्य पहले से शुरू था, लेकिन पब्लिक हेल्थ द्वारा जारी सीवर के कार्य की वजह से थोड़ा मंद था, लेकिन अब इस कार्य में और तेजी लाई जाएगी। ओपी सिहाग, ईओ नगर निगम करनाल।
जाम खुलने पर पहुंचे जिला प्रशासन के कई अधिकारी
जामस्थल पर सीनियर डिप्टी मेयर कृष्ण गर्ग, डिप्टी मेयर मनोज वधवा भी पहुंचे। उन्होंने लोगों की समस्या सुनी और समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद नगर निगम अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। ईओ ओपी सिहाग, एक्सईएन रमेश मढाण, सेक्रेट्री विनोद मेहरा, एमई सुनील भल्ला आदि ने लोगों ने बात की।
ईओ ने जल्द सड़क निर्माण का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। जैसे ही लोगों ने जाम खोलना शुरू किया तो उसी समय तहसीलदार हरिओम अत्रि डीएसपी सिटी राजकुमार भी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद जाम खुल गया।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि बरसात होने पर हकीकत नगर, महाबीर कॉलाेनी शास्त्री नगर, इंद्रा चक्रवर्ती ग्राम के लोगों के सामने कोई ऐसा रास्ता नहीं है, जिससे होकर वे अपने घर आ-जा सकें। रेलवे लाइन के नीचे भी पानी भर जाता है। जिसे एक डेढ़ फीट नीचे किया जाना है, लेकिन नहीं किया गया है। मोटरसाइकिल से भी लोगों को गर्दन झुकाकर पटरी की पुलिया के नीचे से जाना पड़ता है।
लोग हो रहे दुर्घटनाग्रस्त
जामलगाने वाले लोगों का कहना था कि शिव कॉलोनी शास्त्री नगर के बीच की सड़क को एक साल पहले उखाड़ा गया था, जिसमें सीवर लाइन लाइन भी डल चुकी है, लेकिन इस सड़क का निर्माण नहीं किया गया है। लोग गड्ढाें से भरे इस मार्ग से रात को अंधेरे में गुजरते हैं दुर्घटनाग्रस्त होते हैं।
डेढ़ घंटे तक करते रहे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी ।
घोघड़ीपुर रोड ओवरब्रिज निर्माणाधीन, वैकल्पिक रास्ता नहीं, जब लोगों ने ।
लगी लंबी कतारें, डेढ़ फीट नीचा करना था रास्ता, वह भी नहीं हुआ ।