करनाल। कैथल नहर पुल से लेकर घोघड़ीपुर फाटक तक सड़क का निर्माण जल्द कराया जाएगा। जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा सीवर पाइप लाइन बिछाने के कार्य के चलते यह काम अधर में अटक गया था। लेकिन अब इस सड़क को शीघ्रता से तैयार करवाया जाएगा, जिसके निर्माण पर लगभग 50 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।
शास्त्री नगर शिव कॉलोनी के बीच होकर जाने वाली सड़क पिछले डेढ़ साल से खस्ता हाल है। जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से सीवर पाइप लाइन बिछाने के कार्य के चलते इस सड़क को उखाड़ दिया गया था। कथित तौर पर सीवर पाइप लाइन के अधूरे कार्य के कारण इस सड़क को दोबारा से नहीं बनाया जा सका। इस हाल में इस रास्ते से गुजरने वाले राहगीर बुरी तरह से परेशान हैं। लेकिन नगर निगम ने अब इस सड़क के अधूरे निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने का निर्णय लिया है।
सर्दियों से पहले ही होगा सड़क का निर्माण : इस सड़क का निर्माण सर्दियों से पहले किया जाएगा, ताकि लोगों को ऊबड़ खाबड़ कच्ची सड़क की समस्या से निजात मिल सके। क्योंकि सर्दियों में कारपेटिंग की सड़कों का निर्माण ठीक से नहीं हो पाता है। तारकोल सही तरह से जम पाने के कारण बजरी उखड़ जाती है, जिससे सड़क निर्माण में प्रयोग की गई सामग्री पर सवालिया निशान खड़े होते हैं।
सड़क पर बने गड्ढों से परेशान हैं लोग: यह सड़क सीवर पाइप लाइन के कारण खोद देने की वजह से पूरी तरह कच्ची होकर रह गई है। इसमें बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। रात के वक्त लोगों को यहां से आने-जाने में दुर्घटनाओं का शिकार होना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में तो यहां से निकलना ही दूभर हो जाता है। लोगों को इधर-उधर के रास्तों से भटक कर अपने घरों तक पहुंचा पड़ता है।
ग्रामीण राहगीरों को भी होगा फायदा : घोघड़ीपुर फाटक निर्माण के चलते सड़क पर लगते गांवों से आने वाले अधिकतर वाहनचालक बजीदा रोड से बाईपास होकर करनाल में प्रवेश करते हैं। यह रास्ता उनके लिए लंबा पड़ता है। लेकिन इस सड़क का निर्माण होने से मोटरसाइकिलों के अलावा कार-जीप भी शिव कॉलोनी की साइड से होकर शहर में प्रवेश पास सकती हैं। इस तरह से बिना फाटक रूपी अवरोधक के राहगीरों का सफर आसान हो सकेगा
पांच कॉलोनियों को मिलेगी राहत: इस सड़क के निर्माण से पांच कॉलोनियों के लोगों को खासी राहत मिलेगी। क्योंकि उनके लिए लाइन पार आना-जाना बड़ी भारी मुसीबत बना हुआ है। कोढ़ी कॉलोनी, हकीकत नगर, महाबीर कॉलोनी, शास्त्री नगर शिव कॉलोनी के हजारों लोगों को इस सड़क का निर्माण होने से राहत मिलेगी।
कई बार उठाई आवाज : इस सड़क के निर्माण को लेकर लोग गई बार आवाज उठा चुके हैं, क्योंकि रास्ता कच्चा होने के कारण यहां पर जरा सी बरसात होने पर कीचड़ हो जाता है। इस हाल में क्षेत्र के बच्चों को स्कूल जाना तक बंद हो जाता है। कीचड़ के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पाते हैं। पिछले दिनों एक सप्ताह तक रहे बारिश के मौसम में लोगों को इस सड़क से निकलने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोगों को कई-कई फीट पानी से होकर गुजरना पड़ा।
करनाल. नहरकी पटरी का दृश्य, यहां बनाई जा सकती है नई सड़क।
''नगर निगम की ओर से कैथल पुल से लेकर घोघड़ीपुर फाटक तक सड़क निर्माण अब और शीघ्रता से कराया जाएगा। जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से सीवर पाइप लाइन बिछाने के कार्य के चलते काम में तेजी नहीं लाई जा सकी थी। लेकिन अब तेजी से सड़क अधूरा निर्माण कराया जाएगा। इस पर तकरीबन 50 लाख रुपए खर्च होंगे।'' रमेश मढाण, एक्सईएन,नगर निगम करनाल।