अम्बाला सिटी। 65साल का जसपाल एक महिला वकील पर फिदा हो गया। इसी आवेश में उसने वकील के हाथ पकड़कर अपने प्यार का भी इजहार कर दिया। जब महिला ने शोर मचाया तब उसने जसपाल ने उसके गले में हाथ डाल लिया। उसे बताया कि उसका प्यार पाने के लिए तो वह पटना साहिब में भी मन्नत मांगकर आया है। बुजुर्ग की इस हरकत पर महिला वकील ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर कई वकील जमा हो गए। फिर बुजुर्ग के सिर चढ़ा आशिकी का भूत उतारा गया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस सिलसिले में पुलिस को वकील की ओर से शिकायत भी दी गई है। मगर केस दर्ज करने की बजाय अभी पुलिस जांच की बात कह रही है। उधर पीडि़ता ने कहा अगर पुलिस ने जसपाल के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया तो वह बड़े अफसरों से मुलाकात करेगी।
वारदात चैंबर कांप्लेक्स के थर्ड फ्लोर पर हुई। यहां एडवोकेट रितु का चैंबर है। शनिवार दोपहर को जब एडवोकेट रितु चैंबर में काम कर रही थी। तभी सुल्लर गांव का जसपाल सिंह चैंबर में गया। कुछ रोज पहले भी जसपाल किसी मामले में सलाह के बहाने से चैंबर में आया था। एडवोकेट रितु ने बताया कि आते ही वह सामने वाली कुर्सी पर बैठ गया। बातचीत के दौरान ही जसपाल ने रितु की बाजू पकड़ ली। फिर उसने हाथ पकड़कर रितु के सामने प्यार का इजहार कर दिया। जसपाल ने कहा कि वह उसे बेहद प्यार करता है। उसने यह तक कहा कि उसे पाने के लिए तो वह पटना साहिब गुरुद्वारे में भी मन्नत मांगकर आया है। बुजुर्ग की इस हरकत पर एडवोकेट रितु हैरान रह गई। इसी वजह से उसने जसपाल को धक्का मार दिया। तुरंत बाद ही जसपाल ने एडवोकेट रितु के गले में हाथ डाल दिए। उसने रुकने का आग्रह किया। पर जसपाल की हरकत पर डरी सहमी रितु तुरंत चैंबर से बाहर गई। उसने बाहर आकर शोर मचा दिया। तब वहां जमा हुए वकीलों ने जसपाल को काबू कर लिया। उसे जमकर सबक सिखाया गया। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान श्याम सिंह राणा भी वहां पहुंच गए थे। तभी पुलिस को सूचना भेजी गई।
''महिला वकील से अश्लील हरकत करने की शिकायत आई है। उस पर अभी जांच चल रही है। चूंकि जिस व्यक्ति पर यह आरोप लगा है, वह उम्रदराज है। तमाम पहलुओं पर जांच के बाद ही उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। महिला वकील की ओर से भी बुजुर्ग के खिलाफ शिकायत दी गई है। इस सिलसिले में दूसरे वकीलों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।'' विश्वजीत,प्रभारी,पुलिस चौकी नंबर-5, अम्बाला शहर।
पहले युवा वकील दे चुका शादी का ऑफर: शादीशुदा एडवोकेट रितु के साथ अश्लील हरकत का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले एक युवा वकील ने भी उसे शादी के लिए प्रपोज किया था। तब रितु ने उसके खिलाफ बलदेव नगर पुलिस को शिकायत दी थी। हालांकि बाद में तत्कालीन बार एसोसिएशन प्रधान एडवोकेट सतीश जैन के हस्तक्षेप की वजह से मामला निपट गया था। रितु से अश्लील बातें करने की वजह से सेना का एक जवान भी जेल की हवा खा चुका है। यही नहीं दो युवकों ने भी एडवोकेट रितु को उसके बच्चे किडनेप करने की धमकी दी थी।
हरकत की वकीलों ने की निंदा: बुजुर्ग जसपाल सिंह की हरकत पर जिला बार एसोसिएशन के वकीलों ने कड़ा ऐतराज जताया। इसी वजह से जसपाल के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट श्याम सिंह राणा ने कहा यह निंदनीय अपराध है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। ताकि भविष्य में कोई दोबारा ऐसी हरकत कर सके। एडवोकेट बिजनेश शर्मा, एडवोकेट भारतभूषण चावला ने जसपाल की हरकत की कड़ी निंदा की है।
बोला, उसका प्यार पाने के लिए तो वह पटना साहिब में मन्नत भी मांगकर आया।
थर्ड फ्लोर पर एडवोकेट के चैंबर में पकड़ ली बाजू ।