काॅलेज को दिया जाएगा आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय का दर्जा : विज
प्रदेशसरकारने जिला अस्पतालों के साथ-साथ प्रदेश के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी चिकित्सा अधिकारी के साथ एक-एक आयुर्वेदिक चिकित्सक तैनात करने का निर्णय लिया है।
चिकित्सकों की उपलब्धता के लिए श्रीकृष्ण आयुर्वेदिक काॅलेज कुरुक्षेत्र को विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जाएगा और इसका बिल बजट सत्र के दौरान पास होगा। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि आयुर्वेद के विस्तार और आयुर्वेद शिक्षा के प्रसार के लिए केंद्र सरकार से हरियाणा में आयुर्वेदिक स्नातकोत्तर चिकित्सा संस्थान (पीजीआई) स्थापित करने का अनुरोध किया गया है और केंद्र सरकार द्वारा इस विषय पर अपनी सहमति भी दे दी गई है केवल औपचारिक घोषणा होना शेष है। विज शुक्रवार को अपना घर कैंट में आयुष विभाग द्वारा लगाए गए जिला स्तरीय निशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर के उद्घाटन अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस शिविर में 242 वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच की गई और उन्हें आयुर्वेदिक और युनानी दवाइयां निशुल्क उपलब्ध करवाई गई। प्रदेश में पहली बार राज्य स्तरीय आरोग्य फेयर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आयुर्वेद और योग से जुड़े विशेषज्ञों द्वारा गोष्ठियां की जाएंगी।