आग में झुलसी महिला की पीजीआई में मौत
>पांच दिसंबर की शाम को रसोई गैस का सिलेंडर बदलते समय रेगुलेटर में लीकेज से हुआ था हादसा
>अपनी ननद के घर आई हुई थी महिला
भास्करन्यूज|बाबैन
गांवबरगटशाहपुर में गैस का रेगुलेटर लीक होने के कारण रसोई में लगी आग में झुलसी महिला मनजीत कौर ने पीजीआई चंडीगढ़ में मंगलवार को दम तोड़ दिया। मनजीत कौर अपनी ननद सुनीता के पास गांव बरगट शाहपुर में घरेलू कार्य करने के लिए आई हुई थी क्योंकि उसकी ननद पथरी के इलाज के लिए कुरुक्षेत्र के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती थी। मृतक मनजीत कौर की मां महेंद्र कौर ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसकी लड़की की शादी दुनी माजरा वासी जसवीर सिंह के साथ हुई थी। वह अपनी ननद सुनीता के अस्पताल में भर्ती होने के कारण उसके घरेलू कार्य करने के लिए बरगट शाहपुर गई हुई थी।
पांच दिसंबर की शाम को रसोई गैस का सिलेंडर बदलते समय रेगुलेटर में लीकेज रह गई। जिसका मनजीत को पता नहीं चला। महेंद्र कौर ने कहा कि जब मनजीत दूध गर्म करने के लिए रसोई में गई और उसने आग जलाई तो रसोई में गैस लीक होने के कारण पूरी रसोई में आग लग गई। रसोई में गैस के कारण आग लगने से मनजीत का चेहरा, गला, बाजू, कमर टांगें बुरी तरह जल गई और रसोई में रखा सामान भी जलकर राख हो गया।