ईमानदारी से करें व्यापार : सिंह
लाडवा|उप आबकारीएवं कराधान विभाग कुरुक्षेत्र के डीईटीसी सेवा सिंह ने कहा कि ईमानदारी से व्यापार करने से हमेशा व्यापार बढ़ता है। वे मंगलवार सायं लाडवा की नई अनाज मंडी की धर्मशाला में पंजीकृत डीलर्स की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आप जब भी ईमानदारी से अपना काम करेंगे तो आपका व्यापार तरक्की की ओर जाएगा। उनके पास जो भी टैक्स योग्य माल है उसकी बिक्री पर जो भी वेट बनता है उसे वह ईमानदारी से सरकारी खजाने में जमा कराएं। उन्होंने व्यापारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वह वेट के रूप में जो भी पैसा सरकारी खजाने में जमा कराते हैं। उस राशि से प्रदेश में कईं विकास कार्य होते हैं और वह सारा पैसा जनहित के ही कार्यों में काम आता है। उन्होंने व्यापारियों से सुझाव शिकायतें भी सुनी और उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि उन्हें कोई भी अधिकारी नाजायज तंग करता है तो वह उन्हें तुरंत बताए। वे उस अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। इस अवसर पर विभाग के निरीक्षक जीपी खन्ना, निरीक्षक गुरमेज सिंह, अधिवक्ता अरविंद सिंहल, रमेश धवल, रोशन लाल लोहिया, लक्की गर्ग, रामेश्वर दास सिंघल, तेजेंद्र पाल सचदेवा, योगेश कुमार, नाथीराम और इंद्र भाटिया उपस्थित थे।