कुरुक्षेत्र| जिला जेल के कैदियों को जेल के ही कैदी कानूनी पाठ पढाएंगे। इसके लिए कुछ कैदियों को बाकायदा पैरालीगल वालेंटियर (पीएलवी) चुना है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम सुमित गर्ग ने सोमवार को देर सायं जिला जेल का दौरा किया। गर्ग ने बताया कि 13 कैदियों को पीएलवी बनाया है। इन्हें पहले सात दिन बाकायदा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सीजेएम सुमित गर्ग की अध्यक्षता में सोमवार से सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला शुभारंभ किया गया। गर्ग ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष और जिला सत्र न्यायाधीश ललित बत्रा के निर्देश पर जेल में बंद बलराज, सोनू, जसवंत, गुरविंद्र, गुरमेज, जोनी, सतीश बंसल, राहुल, अंग्रेज, रजनीश, सोमपाल, राजकुमार राजेश का पीएलवी चुना है।
उन्होंने बताया कि कैदियों को कानूनी रूप से जागरूक करने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और आरोपियों से संबंधित कानून के बारे में साक्षर करने के उद्देश्य से ही पीएलवी का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन अधिवक्ता हरविंद्र सिंह गुरलाल सिंह ने कानूनी जानकारी दी। आरोपियों के अधिकार, आरोप कैसे और समझौता जैसे विषयों बारे बताया। गर्ग के मुताबिक जब 13 बंदी कानूनी रूप से साक्षर हो जाएंगे, तो ये जिला जेल के तमाम कैदियों को कानूनी रूप से साक्षर बनाने का कार्य करेंगे।
इस मौके पर जिला जेल के अधीक्षक सुरेंद्र सिंह गोदारा, उपाधीक्षक देवीदयाल तंवर, एआईपीआरओ नरेंद्र सिंह, अधिवक्ता हरविंद्र सिंह और गुरलाल सिंह मौजूद थे।
कुरुक्षेत्र| जिला जेल में प्रशिक्षण शिविर की अध्यक्षता करते सीजेएम सुमित गर्ग जिला जेल में बंदियों को पीएलवी का प्रशिक्षण देते अधिवक्ता।