कुरुक्षेत्र। स्थाण्वीश्वरमहादेवमंदिर मार्ग स्थित नेताजी सुभाष पार्क में मंगलवार रात्रि जयश्री शारदा रामलीला ड्रामेटिक क्लब द्वारा आयोजित रामलीला में दशरथ दरबार, कोप भवन और राम वनवास प्रसंग दर्शाए गए। कार्यक्रम में नगर पार्षद विवेक मेहता विक्की, व्यवसायी परविंद्र सिंह सपड़ा और डिंपल मेहता ने अतिथियों के तौर पर मां शारदा की आरती की।
आयोजकों ने उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान किया। प्रधान सतीश शर्मा ने बताया कि जितेंद्र भटनागर ने दशरथ, सुमित गर्ग ने राम, अजीत सैनी ने लक्ष्मण, पूर्णचंद मटकू ने कैकेयी, शिवकुमार सैनी ने मंथरा, नीरज ने सीता और शिवचरण बब्बल ने महर्षि वशिष्ट का किरदार निभाया। रामलीला में दर्शकों ने कैकेयी-मंथरा संवाद को ध्यान से देखा और सुना। चोटी के कलाकार पूर्णचंद मटकू और शिवकुमार सैनी के कायल प्रशंसकों ने उनके रोल से खुश होकर ईनाम भी दिए।
रामलीला के दौरान छोटे बच्चों को लोरी दी गई। प्रत्येक दृश्य के अंतराल में विदुषकों द्वारा लतीफे सुनाकर दर्शकों को लोटपोट किया गया। भारी संख्या में आए दर्शकों ने रामलीला के कलाकारों का तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया। मौके पर चेयरमैन संजीव पांडे, महासचिव नरेश चौधरी, सह सचिव अजय ठाकुर, कोषाध्यक्ष सोहनलाल, भूषण कुमार गुप्ता, दर्शनलाल, विनोद सहगल, सुरेंद्र सैनी, सुधीर चुघ और रिंकू सक्सेना मौजूद थे।
कस्बे में रामलीला का हुआ उदघाटन : इस्माइलाबाद|कस्बे में रामा ड्रामेटिक क्लब द्वारा मंगलवार को श्री रामलीला का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन क्लब के प्रधान रामकुमार सिंगला ने किया। रामकुमार सिंगला ने कहा कि लोगों को भगवान श्रीराम के चरित्र से प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके पदचिह्नों पर चलने से मनुष्य को कोई कष्ट नहीं होगा।
भगवान श्री राम ने अपने माता पिता की आज्ञा का पालन करते हुए 14 वर्षों का वनवास स्वीकार किया। ऐसे ही प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने माता पिता की सेवा करे तो समाज में बढ़ रहे वृद्धाश्रमों की कोई जरूरत नहीं रह सकती।
श्रीरामलीला में सबसे भगवान श्री गणेश की आरती उतारी गई। इसमें क्लब के सभी पदाधिकारियों कलाकारों ने हिस्सा लिया। श्रीरामलीला के पहले दिन नारद मोह प्रसंग दिखाया गया। इसमें नारद की भूमिका संजय सिंगला ने निभाई। इस मौके पर विमल गर्ग, अशोक कंसल, दिनेश गर्ग, देवीदयाल सैनी, ईश्वरचंद, संजय प्रजापत, अशोक कुमार उपस्थित थे।
(कुरुक्षेत्र| श्री रामलीला ड्रामाटिक क्लब कुरुक्षेत्र की ओर से आयोजित रामलीला का मंचन करते कलाकार।)