- Hindi News
- इंजीनियरिंग में गुणवत्तापरक शिक्षा की जरूरत : प्रो. श्याम
इंजीनियरिंग में गुणवत्तापरक शिक्षा की जरूरत : प्रो. श्याम
कुरुक्षेत्रयूनिवर्सिटीके यूआईईटी संस्थान में गुरुवार को तीन दिवसीय फैकल्टी डिवेलपमेंट कार्यक्रम शुरू हुआ। जिसमें केयू के डीन रिसर्च प्रो. श्याम कुमार ने कहा कि अब समय गया है कि हमें इंजीनियरिंग शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापरक शिक्षा के लिए गंभीरता से विचार करना होगा। ताकि देश के लिए बेहतर इंजीनियर तैयार किए जा सकें। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की संख्या लगातार घट रही है जो चिंता का विषय है। इसका सबसे बड़ा कारण इस क्षेत्र में गुणवत्तापरक शिक्षा की ओर हमारा ध्यान ना होना है।
इस क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों को इस दिशा में गंभीरता से चर्चा कर एक एक्शन प्लान तैयार करना चाहिए। ताकि इसकी गुणवत्ता बढ़े। प्रो. श्याम ने कहा कि गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए हमें शोध पर ध्यान देना होगा। आईआईटी हैदराबाद से आए प्रो. राजा बनर्जी ने कहा कि थर्मल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। जिस तरह से देश में ऊर्जा की मांग निरंतर बढ़ रही है, ऐसे में थर्मल इंजीनियर की मांग भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अच्छे इंजीनियर बनने के लिए अपने विषय का गंभीरता से अध्ययन करें। आईआईटी रुड़की से आए डॉ. साहू ने थर्मल इंजीनियरिंग के बारे में टिप्स दिए।