अपने आप को अपडेट रखें शिक्षक : डॉ. संधू
कुरुक्षेत्र | कुरुक्षेत्रयूनिवर्सिटी के वीसी डॉ. डीडीएस संधू ने कहा कि शिक्षकों को पाठ्यक्रमों के साथ-साथ खुद को भी निरंतर अपडेट रखना चाहिए। सूचनाओं के विस्फोट के दौर में शिक्षकों का अपडेट होना देश की भावी पीढ़ी के लिए बेहद जरूरी है। वे गुरुवार को केयू के एकेडमिक स्टाफ कॉलेज में मनोविज्ञान विभाग की ओर से कला और सामाजिक शोध विषय पर आयोजित रिफ्रेशर कोर्स के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षक देश का भविष्य निर्माता है कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में आने वाली नई पीढ़ी की अपेक्षाएं ज्यादा हैं। उन अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए शिक्षकों को निरंतर प्रयास करने की जरूरत है। डॉ. संधू ने कहा कि सूचना और तकनीक के इस दौर में भी शिक्षक टेक्नोलॉजी का अधिक प्रयोग नहीं कर रहे हैं। शिक्षकों को नई तकनीक का प्रयोग करते हुए ज्ञान के नए स्त्रोत पैदा करने चाहिए। ताकि विद्यार्थियों में कुछ नया करने और सीखने की आदत पैदा हो। उन्होंने कहा कि सामाजिक शोध की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए शिक्षकों को इस दिशा में नए प्रयास करने की जरूरत है। सामाजिक शोध का क्षेत्र एक ऐसा क्षेत्र है जो समाज की रोजमर्रा की समस्याओं को अध्ययन के माध्यम से समाज के सामने रखता है। इस अवसर पर प्रो. आरपी ग्रोवर, डॉ. हरदीप जोशी, डॉ. रोहताश और प्रो. जेएस बिड़लान मौजूद थे।
कुरुक्षेत्र | केयू के एकेडिमक कॉलेज में आयोजित रिफ्रेशर कोर्स के दौरान संबोधित करते वीसी डॉ. डीडीएस संधू।