- Hindi News
- छात्र मिलन समारोह में पुरानी यादें ताजा की
छात्र मिलन समारोह में पुरानी यादें ताजा की
कुरुक्षेत्र | कुरुक्षेत्रयूनिवर्सिटी के पंजाबी विभाग की ओर से शनिवार को आरके सदन में पहला पुरातन छात्र सम्मेलन हुआ। इसमें पुराने छात्र एकजुट हुए। आपस में अनुभव तो सांझा करे ही, साथ में पुरानी यादें ताजा की। मुख्यातिथि केयू रजिस्ट्रार डॉ. कृष्ण चंद रल्हाण ने दीप प्रज्ज्वलित किया।
उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र मिलन समारोह उत्सव जैसा माहौल पैदा करता है। यह उत्सव इसलिए होता है कि एक परिवार से जुड़े सभी लोग एक मंच पर एकत्रित होते हैं और अपनी पुरानी यादों को ताजा करते हैं। डॉ. रल्हाण ने कहा कि साहित्य का छात्र होने के कारण उन्हें पंजाबी भाषा हमेशा आकर्षित करती रही है। यह भाषा आपसी प्यार और भाईचारे की भाषा है। जब कोई व्यक्ति भाषा और साहित्य का अध्ययन करता है तो उसे सबसे ज्यादा सामाजिक अनुभव होता है। चूंकि साहित्य को समाज का दर्पण कहा जाता है। एक भाषा चिंतक हमेशा समाज को लेकर गंभीर होता है। इसलिए पुराने नए छात्रों को चाहिए कि वे भाषा के माध्यम से समाज में आपसी प्यार और भाईचारे का संदेश घर-घर तक पहुंचाएं। इस मौके पर विभाग के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
पंजाबी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. एनएस कौशल ने कहा कि पुरातन छात्र सम्मेलन एक ऐसा मंच है जहां पर विभाग के पुराने और नए विद्यार्थी अपने अनुभवों का सांझा करते हैं। वहीं भविष्य की योजनाओं को पूरा करने के लिए रणनीति तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबी विभाग केयू का महत्वपूर्ण विभाग है और यहां के छात्र देशभर की यूनिवर्सिटी के साथ-साथ पंजाबी भाषा और साहित्य समृद्ध करने का काम कर रहे हैं। मौके पर पंजाबी विभाग के अध्यक्ष प्रो. आरएस रंधावा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
कुरुक्षेत्र | केयू के आरके सदन में पंजाबी विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते रजिस्ट्रार डॉ. कृष्णचंद रल्हाण।