- Hindi News
- विश्वकर्मा चौक पड़ा है बदहाल, लोगों में रोष
विश्वकर्मा चौक पड़ा है बदहाल, लोगों में रोष
कुरुक्षेत्र |पुराने बस अड्डे के नजदीक बना विश्वकर्मा चौक बदहाल पड़ा है। इतना ही नहीं इस चौक का नाम भी मिट चुका है। जिसके चलते लोगों को विश्वकर्मा चौक का नाम भी नहीं पता चल पाता। इससे समाज के लोगों में प्रशासन के खिलाफ रोष है। अखिल भारतीय धीमान ब्राह्मण महासभा के सचिव दीपक धीमान और उपाध्यक्ष सौरभ धीमान ने कहा कि इस मामले को लेकर नगर परिषद के अधिकारियों को उन्होंने लिखित में शिकायत सौंपी थी। इसके बावजूद नगर परिषद के अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। दीपक ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा के नाम पर बने इस चौक की हालत बहुत खस्ता हो चुकी है। यह चौक कई जगह से टूटा पड़ा है। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा की जयंती है। ऐसे में इस चौक का सौंदर्यीकरण किया जाना चाहिए। वहीं इस चौक पर भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा भी लगाई जानी चाहिए। वहीं, नगर परिषद के ईओ एमएस जगत ने कहा कि सोमवार को ही चौक की मरम्मत करा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बारे में आई शिकायत पर एमई को आदेश दिए गए हैं।