हड़ताल खत्म, अब लगी केयू में भीड़
कुरुक्षेत्रयूनिवर्सिटीमें हड़ताल खत्म होने के बाद सोमवार को स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं के रेगुलर विद्यार्थियों के परीक्षा फाॅर्म जमा कराने की अंतिम तिथि के चलते केयू में ओबीसी बैंक फीस काउंटर पर भीड़ लगी रही। सुबह से ही हजारों की संख्या में आवेदक केयू में पहुंचने शुरू हो गए। जिसके चलते बैंक के बाहर लंबी कतारें लग गई।
बैंक में बढ़ते दबाव को देखते हुए केयू प्रशासन ने भी अपना काउंटर फीस के लिए खोल दिया। इसके बावजूद फीस जमा कराने आए विद्यार्थियों की भीड़ कम नहीं हुई। जिसके चलते विद्यार्थी एकजुट होकर वीसी कार्यालय पर पहुंचे और प्रशासन से अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की। विद्यार्थियों को हंगामा करता देख केयू रजिस्ट्रार ने विद्यार्थियों को अंतिम तिथि बढ़ाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद ही विद्यार्थियों का गुस्सा शांत हुआ। गौरतलब है कि केयू में चल रही हड़ताल के कारण विद्यार्थियों को परीक्षा फार्म उपलब्ध नहीं हो रहे थे। जिसके चलते सोमवार को यूनिवर्सिटी खुलते ही विद्यार्थी फार्म जमा कराने के लिए पहुंचने शुरू हो गए।
केयू प्रशासन ने विद्यार्थियों को परीक्षा फाॅर्म जमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ाने का आश्वासन दिया है। वहीं इस दिशा में काम भी शुरू कर दिया है। इसके चलते उम्मीद है कि परीक्षा फाॅर्म जमा कराने की अंतिम तिथि मंगलवार को दो से चार दिन तक बढ़ाई जा सकती है।
19 तक कर पाएंगे आवेदन
केयूरजिस्ट्रार डॉ. कृष्ण चंद रल्हाण ने बताया कि 19 सितंबर तक विद्यार्थी परीक्षा फाॅर्मों को जमा करा पाएंगे। इसके लिए प्रशासन मंगलवार को नोटिफिकेशन जारी कर देगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
लौटना पड़ेगा खाली हाथ
परीक्षाफार्म के लिए फीस की पर्ची कटवाने के लिए लाइन में लगे नीरज, निशांत, प्रशांत, अजय और पवन ने बताया कि लाइन बहुत लंबी लगी हुई है। इसके चलते उन्हें खाली हाथ ही लौटना पड़ेगा। विद्यार्थियों ने बताया कि वे सुबह से आए हुए हैं लेकिन लाइन कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। केयू प्रशासन और बैंक को अंतिम तिथि का ध्यान रखते हुए अधिक काउंटर खोलने चाहिए थे। ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा फाॅर्म की फीस भरने में परेशानी का सामना करना पड़े।
केयू में एडमिशन के लिए अंतिम दिन होने के चलते बैंक के बाहर स्लीप कटवाने के लिए लगी विद्यार्थियों की भीड़।