मार्केट की समस्याओं को लेकर लगाई गुहार
कुरुक्षेत्र. टूटीसड़कें, जगह-जगह गंदगी का ढेर और सड़क पर भरा पानी आदि समस्याओं से गांधी पार्क मार्केट के दुकानदार रोजाना जूझ रहे हैं। उन्हें आए दिन इस समस्या से दो-चार होना पड़ता है। इन समस्याओं को लेकर लोकस्वराज जन सेवा ट्रस्ट शनिवार को एसडीएम को मिला और समस्याओं से अवगत कराया। ट्रस्ट के अध्यक्ष रघुबीर गर्ग ने कहा कि अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि वे जल्द ही मार्केट की समस्याओं को दूर करेंगे। वहीं सोमवार को अधिकारी द्वारा मार्केट का मुआयना करने का भी आश्वासन दिया गया है। गर्ग ने कहा कि भगवान परशुराम चौक से पुरानी तहसील और रेलवे ओवरब्रिज के नीचे तक जाने वाली सड़क पिछले काफी समय से अनदेखी का शिकार है। मार्केट के नजदीक ही कई घर बने हैं। पुल के दूसरी ओर जाने वाली पैदल और दोपहिया यात्री इस मार्ग का प्रयोग करते हैं। ऐसे में इस रास्ते पर टूटी सड़कें, भरा पानी और फैली गंदगी राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी है। उन्होंने कहा कि गांधी पार्क के ठीक सामने बिजली का खंबा भी हादसों को न्यौता दे रहा है। जैसे ही कोई भारी वाहनों वहां से गुजरता है तो वह हिलने लगता है। जो कभी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। आसपास के दुकानदारों, जसपाल, काला मिस्त्री, अशोक कुमार, सुरजीत सिंह ने जिला प्रशासन से मांग की कि इस सड़क का नवीनीकरण करते हुए नियमित सफाई की व्यवस्था की जाए।