अभियान : सवा लाख नौनिहालों को पिलाई दवा
कुरुक्षेत्र| स्वास्थ्यविभाग ने पल्स पोलियो अभियान के दौरान तीन दिनों में बूथों, घर-घर जाकर कुल एक लाख 20 हजार 281 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। सिविल सर्जन डाॅ. जितेंद्र ग्रेवाल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का अभियान 21 सितंबर को शुरू किया था। उपसिविल सर्जन डाॅ. अनुपमा और एनआरएचएम प्रभारी डाॅ. एनके सिंह की देख-रेख में पूरे जिले में तीन दिन पल्स पोलियो अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के पहले दिन 74 हजार 937 बच्चों, दूसरे दिन 30 हजार 970 और तीसरे दिन 14 हजार 374 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। तीन दिनों में पूरे जिले में एक लाख 20 हजार 281 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई है।