मेस कर्मियों ने किया चीफ वार्डन आवास का घेराव
राष्ट्रीयप्रौद्योगिकीसंस्थान निट में मैस कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को निट गर्ल्स हॉस्टल के चीफ वार्डन के निवास का घेराव किया। हालांकि जिस समय मैस कर्मचारी पहुंचे चीफ वार्डन अपने निवास में नहीं थी।
मैस कर्मचारियों ने कहा कि अगर प्रशासन ने कर्मचारियों की मांगों को नहीं माना तो 11 फरवरी से निट में होने वाली कंफ्लुएंस के मुख्यातिथि का भी मैस कर्मचारी घेराव करेंगे। मैस कर्मचारी संघ के प्रधान भाग सिंह ने कहा कि अगर इसके बाद भी निट प्रशासन ने मैस कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो मैस कर्मचारी आर-पार की लड़ाई लड़ने से भी नहीं चूकेंगे।
मैस कर्मचारियों ने कहा कि वे अपने हक की आवाज को उठा रहे हैं। पिछले कई सालों से निट प्रशासन उन्हें लगातार आश्वासन देता रहा है, लेकिन अब कर्मचारियों का पेट आश्वासनों से भरने वाला नहीं है। कर्मचारियों को अब फैसला चाहिए। मैस कर्मचारियों ने कहा कि निट प्रशासन ने 1999 से आवास की मांग पर ध्यान नहीं दिया। प्रदर्शन करने वालों में प्रेम कांडारी, रामदत्त मिश्रा, वीरेंद्र सिंह, गौर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, मुरली प्रसाद, जोगिंद्र, राजबीर सिंह, हरिदत्त और ललित शामिल थे।
निट कर्मचारी संघ ने भी दिया समर्थन
निटकर्मचारी संघ के प्रधान राजकमल और महासचिव देवेंद्र गौड़ ने कहा कि कर्मचारी संघ मैस कर्मचारियों के साथ है। उन्होंने कहा कि किसी भी मैस कर्मचारी के साथ शोषण नहीं होने दिया जाएगा। मैस कर्मचारियों ने बताया कि उनकी मांगों में नए बने भवन में कमरों को ठीक करने, सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार वेतन देने, मैस कर्मियों के वेतन के लिए अलग विभाग बनाने, शादी लोन को 30 हजार से बढ़ाकर एक लाख करने और गेहूं खरीद लोन को पांच हजार से बढ़ाकर 10 हजार करना शामिल है।
कुरुक्षेत्र. निट में मांगों के लिए रोष मार्च निकालते मेस कर्मचारी।