कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही भाजपा : जोगना खेड़ा
कुरुक्षेत्र|कांग्रेस कीआईटी सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष जगबीर जोगना खेड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली कर्मचारियों ने मंगलवार को गांव जोगना खेड़ा में सरकार के इशारे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घरों में छापेमारी की। जगबीर ने आरोप लगाया कि बिजली कर्मचारियों ने पहले गांव में उनके घर के बारे में पूछा और उसके बाद छापा मारा। उन्होंने कहा कि छापेमारी के दौरान बिजली कर्मियों को किसी तरह की गड़बड़ नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र के लोग ईमानदारी से अपना बिजली का बिल भरते हैं। इसके बावजूद उन्हें सरकार के इशारे पर बिजली कर्मचारी परेशान कर रहे हैं। जगबीर ने कहा कि प्रदेश सरकार बिजली उत्पादन की प्रति यूनिट के खर्च को लेकर श्वेत पत्र जारी करे। ताकि प्रदेश के लोगों को पता चल सके कि बिजली की जो यूनिट सरकार लोगों को साढ़े छह रुपए यूनिट दे रही है वह सरकार को वास्तव में कितने कम रेट में पड़ती है। उन्होंने कहा कि बिजली बिल के नाम पर भाजपा सरकार ने लूट मचाई हुई है। जिसे लेकर आईटी सैल सोशल मीडिया में भी अभियान चलाएगी।