पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सीमा के फेर में उलझी पुलिस, दो घंटे लटका रहा महिला का शव

सीमा के फेर में उलझी पुलिस, दो घंटे लटका रहा महिला का शव

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कुरुक्षेत्र। सिरसला रोड पर स्काइट कॉलेज के नजदीक स्थित एक मकान में एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला के आत्महत्या करने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की थी लेकिन कुछ समय बाद ही कार्यक्षेत्र का विवाद उठ गया। करीब दो घंटे एरिया को लेकर माथापच्ची चलती रही, जिसके चलते महिला फंदे पर ही लटकी रही।
सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी रामकुमार भी मौके पर पहुंच गए। दोनों थानों के आला पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्षेत्र पर खूब माथापच्ची की। एरिया विवाद की सूचना मिलते ही डीएसपी सतीश गौतम भी घटनास्थल पर पहुंचे। डीएसपी के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई शुरू हुई। तब कहीं जाकर सदर पुलिस थाना पुलिस ने महिला को फंदे से उतारा।
मृतका द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट में उसने अपने पति, सास एक अन्य पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। मकान मालिक जगतार सिंह ने बताया कि महिला अपने पति के साथ पांच जून से 11 सितंबर तक उसके मकान में किराए पर रहे। दो-तीन दिन पहले वह दोबारा फिर यहां गई और उनको बताया कि उसके पति की जालंधर में नौकरी लग गई है और वह दो-तीन बाद यहां से चली जाएगी। रविवार सुबह जब वह काफी देर तक नहीं उठी तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो कोमल फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी।

स्काइट कॉलेज के नजदीक कॉलोनी में महिला फंदे से लटकी मिलने से हड़कंप मच गया। मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। सीन ऑफ क्राइम टीम से अशोक वर्मा की टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। मृतका की पहचान कोमल पत्नी अमरजीत निवासी खत्रान मोहल्ला के रूप में हुई। पुलिस ने मौके से महिला द्वारा लिखा सुसाइड नोट भी बरामद किया।
एएसपी दीपक गहलावत से सीधी बात

सवाल- महिला का शव फंदे पर करीब दो घंटे तक पुलिस के एरिया मामले में माथापच्ची करने के कारण लटका रहा, क्या पुलिस के बीच तालमेल की कमी रही?
जवाब-पुलिस के बीच तालमेल की कमी नहीं थी। थाना सदर और सिटी दोनों की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिंगर प्रिंट टीम के पहुंचने पर ही कार्रवाई शुरू हो सकती थी। इसलिए देरी हुई।

सवाल-पुलिस ने इस मामले में क्या कार्रवाई की है?
जवाब-पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।

(कुरुक्षेत्र| कार्रवाई करते पुलिस अधिकारी। )