- Hindi News
- काउंसलर करेंगे बेटियों को बचाने और पढ़ाने के लिए प्रेरित
काउंसलर करेंगे बेटियों को बचाने और पढ़ाने के लिए प्रेरित
कुरुक्षेत्र| सीटीएमगगनदीप सिंह ने कहा कि प्रशासन और समाज के साझे प्रयासों से ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान सफल होगा। जब तक आम व्यक्ति की मानसिकता में परिवर्तन नहीं आता, तब तक कन्या भ्रूण हत्या को रोकना और बेटियों को शिक्षित करने के बारे में सोचा भी नहीं जा सकता। लिहाजा काउंसलर लोगों को इस मानसिकता से छुटकारा दिलाने में अपनी महत्ती भूमिका निभाएं। वे मंगलवार को श्रीकृष्ण संग्रहालय में भारतीय रेडक्रास के जिलास्तरीय काउंसलर कैंप के समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों से सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सकता है। शिविर में आने वाले काउंसलर आगे शिक्षण संस्थानों में जाकर युवाओं को जागरूक करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
रेडक्रास सचिव श्यामसुंदर ने कहा कि तीन दिन तक चलने वाले इस शिविर में 50 से अधिक काउंसलर भाग ले रहे हैं। जिन्हें नियमित तौर से विशेषज्ञों द्वारा एचआईवी, फस्र्ट एड, रक्तदान, जेआरसी, बेटी बचाओ, ट्रैफिक नियमों, स्वच्छता, स्वास्थ्य आदि विषयों की विस्तार से जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सभी काउंसलर शिक्षण संस्थानों में गतिविधियों का प्रचार-प्रसार करेंगे। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के प्रो. डा. पवन शर्मा, क्यूरेटर राजेंद्र सिंह राणा, डा. संतोष कुमार, डीटीओ राजेंद्र सैनी, ओम प्रकाश आदि मौजूद थे।