आभूषण की दुकान से 3.33 लाख का सोना 2.40 लाख की चांदी ले गए बदमाश ।
- सेठी ज्वेलर्स शॉप लूट के मामले में शुक्रवार को पुलिस को मंगलवार तक का दिया था अल्टीमेटम ।
यमुनानगर। शुक्रवार को दिए ज्वेलर्स एसोसिएशन के अल्टीमेटम पर पुलिस तो बदमाशों तक नहीं पहुंच पाई, लेकिन बदमाशों ने गत रात्रि में दो ज्वेलर शॉप को निशाना बना डाला। अल्टीमेटम के 12 घंटे बाद ही जगाधरी में ही दो दुकानों के ताले टूटे। चोर नव दुर्गा ज्वेलर्स से जेवरात ले जाने में सफल नहीं हुए, जबकि हरीश ज्वेलर से 3.33 लाख का सोना और 2.40 लाख की चांदी सहित कुछ नगदी भी ले गए हैं।
बदमाश माल लेकर बड़ी आसानी से निकल गए और सूचना पर पहुंची पुलिस खाक छानती रही। जगाधरी में एक सप्ताह में ज्वेलर्स की दुकान में यह चौथी वारदात है। पहले हुई दो वारदातों में भी पुलिस के हाथ अभी तक खाली है।
पांच ताले तोड़े, लेकिन माल ले जाने में रहे असफल : जगाधरीसिविल लाइन स्थित नवदुर्गा ज्वेलर में चोरों ने चोरी का प्रयास किया। दुकान संचालक ने सेफ्टी के लिए कैंची गेट, शटर लगवाया हुआ है। इन पर पांच ताले लगे थे, लेकिन चोरों ने पांच के पांच ताले तोड़े और दुकान में चले गए। चोरों ने दुकान में रखे जेवरात बाहर निकाल लिए थे, लेकिन उन्हें ले जाने में सफल नहीं हुए। सभी सामान दुकान में ही बिखरा मिला। यह अनुमान लगाया जा रहा है कि चोरों को किसी ने देख लिया होगा और वे बचने के लिए मौके पर ही सामान छोड़कर फरार हो गए।
दुकान संचालक विरेंद्र वर्मा ने बताया कि चोर दुकान से कोई सामान नहीं ले जा पाए हैं। सभी आभूषण अन्य सामान मौके पर ही बिखरा मिला है।
लोग सहयोग करें : एसपी : '' पुलिसटीम बदमाशों की तलाश में लगी हुई है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। लोगों को पुलिस का सहयोग करना चाहिए। ऐसा होने पर पुलिस बदमाशों तक जल्द पहुंच पाएंगी। क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के आदेश दे दिए है। '' - वेदप्रकाश गोदारा, एसपी
नहीं है कोई चौकीदार : जगाधरीएरिया में हर दिन हो रही चोरियों के बाद भी बाजार में कोई चौकीदार नहीं है। इसका भी चोरों को खूब फायदा मिल रहा है। दुकानदारों का कहना है कि पुलिस भी रात के समय गश्त नहीं करती।
सीसीटीवी को बंद कर डीवीआर निकाली : नवदुर्गा ज्वेलर से कुछ ही दूरी पर स्थित हरीश ज्वेलर पर भी चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों से जब लॉक नहीं टूटा तो उन्होंने शटर की पत्तियां ही निकाल दी। इस दौरान उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी के डिस्कनेक्ट कर दिया और इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान में रखे लॉकर को ले जाने का प्रयास किया, लेकिन वजन ज्यादा होने वे नहीं ले जा पाए। दुकान संचालक हरीश का कहना है कि चोर 3.33 लाख के सोने और 2.40 लाख के चांदी के आभूषण ले गए हैं। साथ ही चार हजार की नगदी और सीसीटीवी की डीवीआर साथ ले गए हैं।
शुक्रवार को ही एसपी से मिले थे ज्वेलर्स : 31जनवरी को बुड़िया चुंगी स्थित सेठी ज्वेलर पर दिनदहाड़े चार हथियारबंद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने दुकान संचालक राकेश सेठी और अन्य कर्मचारियों को लॉकर में बंद कर चले गए थे। बदमाश इस दौरान दुकान से दो बैग आभूषणों के भरकर फरार हो गए थे। बाद में सेठी का जानकार मौके पर पहुंचा था और उन्हें लॉकर से बाहर निकाल सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस इस वारदात को भी अभी तक ट्रेस नहीं कर पाई है।
शुक्रवार को ही ज्वेलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी एसपी से मिले थे और उन्होंने पुलिस को मंगलवार तक का अल्टीमेटम दिया था कि बदमाशों को अगर पुलिस नहीं पकड़ पाती तो बुधवार को वे बाजार बंद रखेंगे और प्रदर्शन करेंगे। अल्टीमेटम के 12 घंटे बाद ही बदमाश दुकानों में वारदात को अंजाम दे गए।