- Hindi News
- िवधानसभा चुनाव को लेकर आज रणनीति बनाएंगे किसान
िवधानसभा चुनाव को लेकर आज रणनीति बनाएंगे किसान
आईएमटीएरिया के पांच गांवों के किसान रविवार को चंदावली गांव में शिलान्यास स्थल के पास महापंचायत कर चुनाव में मतदान के लिए रूपरेखा तैयार करेंगे। किसान वर्तमान सरकार से खफा हैं। किसान नेताओं का कहना है कि महापंचायत में तय किया जाएगा कि मतदान किस पार्टी के प्रत्याशी को किया जाए। आईएमटी से संबंधित किसानों में पुनर्वास नीति के तहत अभी तक प्लॉट नहीं मिलने से मौजूदा सरकार के प्रति रोष है। किसान इसे चुनावी मुद्दा बनाने के मूड में हैं। इंडस्ट्रियल मॉडल टाउन (आईएमटी) से संबंधित किसानों को अभी तक पुनर्वास नीति के तहत प्लॉट नहीं मिले हैं। इससे किसानों में जनप्रतिनिधि के प्रति काफी बेरुखी देखने को मिल रही है। आईएमटी विकसित करने के लिए हरियाणा राज्य औद्योगिक विकास संरचना निगम (एचएसआईआईडीसी) ने गांव सोतई, मुजेड़ी, चंदावली, मच्छगर नवादा के किसानों की 1832 एकड़ भूमि अधिगृहीत की है। सरकार की नीति के अनुसार संबंधित किसानों को पुनर्वास नीति के तहत प्लॉट दिए जाने हैं। अभी तक किसानों को प्लॉट नहीं मिले हैं।
आईएमटी किसान संघर्ष समिति के प्रधान रामनिवास नागर का कहना है कि आईएमटी एरिया में 5 गांवों के 2610 किसानों की 1832 एकड़ जमीन एक्वायर की गई है। जमीन एक्वायर के बाद किसानों को सरकार की ओर से मिलने वाली पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिली हैं। किसानों को अभी तक प्लॉट भी नहीं दिए गए हैं। जबकि इस संबंध में किसानों की कई बार प्रशासन सत्ताधारी नेताओं से बातचीत हो चुकी है। मगर किसानों की मांगों पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई। उन्होंने कहा वर्तमान सरकार की बेरुखी के चलते किसान काफी दुखी हो चुके हैं। अब किसानों ने अपनी रणनीति तय करनी शुरू कर दी है। इसी के तहत रविवार को चंदावली गांव में महापंचायत रखी गई है। प्रधान राम निवास नागर के अनुसार पंचायत में तय किया जाएगा कि पांचों गांवों के किसान किस दल के उम्मीदवार का समर्थन करेंगे।