फरीदाबाद. नवरात्र पर हरियाणा रोडवेज ने महिलाओं के लिए दिल्ली रूट पर विशेष बस चलाने की योजना बनाई है। नवरात्र के दौरान दिल्ली के मंदिरों में जाने वाले महिला श्रद्धालुओं को कोई परेशानी हो, इसके लिए रोडवेज ने 3 महिला विशेष बसों को चलाने का निर्णय लिया है। बुधवार को बल्लभगढ़ बस डिपो महाप्रबंधक बीएस कालीरमन ने इस संबंध में निर्देश जारी किए।
बल्लभगढ़ से नवरात्र पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दिल्ली कालका मंदिर जाते हैं। कुछ लोग ट्रेनों से सफर करते हैं तो कुछ बसों से। इस दौरान ट्रेनों में भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में यात्री बसों की ओर रुख करते हैं। यात्रियों की भीड़ को देखकर महिला श्रद्धालु बसों में चढ़ने से कतराती हैं। विभाग के अनुसार इस दौरान बसों में भीड़ बढ़ने से कुछ असामाजिक तत्व भी बसों में चढ़ जाते हैं, जो महिलाओं को परेशान करते हैं। महिला यात्रियों को परेशानी हो, इसलिए यह निर्णय लिया गया है। रोडवेज ने सिटी बस सेवा के तहत तीन बसों को महिलाओं के लिए चलाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा सामान्य बसों में भी अधिक महिला यात्री होने पर पुरुष यात्रियों को नहीं बैठाया जाएगा। साथ ही महिला यात्रियों को बसों में सीट दिलाने एवं उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी परिचालकों और चालकों को सौंपी गई है। डयूटी इंस्पेक्टर देशराज के अनुसार चलाई जाने वाली 3 स्पेशल बसों की समय सारणी महिला श्रद्धालुओं के अनुसार तय होंगी।
बसों के चालकों-परिचालकों को इस बारे में निर्देश दे दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर बसों की संख्या को बढ़ाया भी जा सकता है।