- Hindi News
- शहर में टिकट बदले जाने की दिनभर बनी रही चर्चा
शहर में टिकट बदले जाने की दिनभर बनी रही चर्चा
बुधवारको शहर में दिनभर बल्लभगढ इनेलो प्रत्याशी को पार्टी सुप्रीमो द्वारा बदल दिए जाने की चर्चाएं जोरों पर रहीं। उनके स्थान पर टिकट मंगलवार को भाजपा छोड़कर इनेलो में शामिल हुए एक युवा नेता को दिए जाने की चर्चाएं रहीं। युवा नेता ने भी कहा कि पार्टी की ओर से उन्हें इस संबंध में कुछ संकेत मिले हैं लेकिन अभी स्पष्ट कुछ नहीं है। इनेलो ने करीब 25 दिन पूर्व बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र से एक व्यापारी को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया था। प्रत्याशी ने जोर शोर से प्रचार भी शुरू कर दिया। लेकिन इस प्रत्याशी के साथ चार-पांच दिन से असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पहले चर्चा रही कि कांग्रेस से नाराज चल रहीं विधायक को इनेलो बल्लभगढ़ से अपना प्रत्याशी घोषित कर रही है। इससे घबरा कर इनेलो प्रत्याशी ने अपना प्रचार कुछ कम कर दिया। प्रत्याशी ने अब तक खर्च हुई रकम का हिसाब किताब लोगों को गिनाना शुरू कर दिया। इस चर्चा पर कुछ विराम लगा तो बुधवार को फिर चर्चा रही कि भाजपा छोड़कर इनेलो में शामिल हुए बल्लभगढ़ के युवा नेता को इनेलो का टिकट दिया जा रहा है। इनेलो प्रत्याशी एक बार फिर टिकट कटने के डर से घबरा गए हैं। वह असमंजस में हैं कि प्रचार पर पैसा खर्च करें या प्रचार रोक कर पहले पार्टी की रणनीति देखें कि वास्तव में पार्टी कहीं उनकी टिकट काटने के मूड में तो नहीं है।